आरटीई पोर्टल पर री-अपलोड विकल्प नहीं खुलने से अभिभावकों में रोष

एडीएम को सौंपा ज्ञापन, प्रशासन से की समाधान की मांग
 
 | 

उदयपुर 2 अप्रैल 2026 - शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई है। निवर्तमान पार्षद हिदायत तुल्ला के नेतृत्व में गुरुवार को अभिभावकों ने एडीएम सिटी जितेन्द्र ओझा को ज्ञापन सौंपकर आरटीई पोर्टल पर री-अपलोड का विकल्प खोलने की मांग की। हिदायत तुल्ला ने बताया कि इस वर्ष आरटीई के तहत कमजोर वर्ग के अभिभावकों ने अपने बच्चों के निशुल्क प्रवेश के लिए ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए थे।

लॉटरी में नाम आने के बावजूद कई बच्चों के आवेदन छोटी-छोटी त्रुटियों के आधार पर निरस्त कर दिए गए। अभिभावकों द्वारा ऑनलाइन शिकायत करने के बाद भी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवेदन खारिज कर दिए गए और त्रुटि सुधार का कोई अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में ऐसी स्थिति नहीं रही है। वर्तमान प्रक्रिया से अभिभावकों को जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और निजी विद्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन कहीं से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। इससे अभिभावकों में भारी रोष है।

इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन समाधान नहीं निकला। इसके बाद 2 अप्रैल को अभिभावक कलेक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन नए कलेक्टर के कार्यभार ग्रहण नहीं करने के कारण एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा गया। अभिभावकों का आरोप है कि आरटीई पोर्टल पर री-अपलोड का विकल्प नहीं खुलने से कई पात्र बच्चे प्रवेश से वंचित हो जाएंगे। हिदायत तुल्ला ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो राज्य सरकार तक बात पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।

#UdaipurNews #RajasthanNews #RTENews #EducationNews #RightToEducation #RTE2026 #UdaipurParents #SchoolAdmission #EducationCrisis #RajasthanEducation #LocalNewsUdaipur #IndiaEducation #BreakingNewsRajasthan #RTEPortal #AdmissionIssue

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal