नेपाल अशांति में फंसे उदयपुर के यात्री सुरक्षित लौटे

मेणारिया समाज के 30 से अधिक तीर्थयात्री नेपाल से सकुशल भारत पहुँचे

 | 
“Udaipur pilgrims return safely from Nepal unrest | Menaria community resumes journey after embassy intervention”

उदयपुर , 11 सितंबर 2025 - नेपाल में हिंसात्मक आंदोलन के दौरान फंसे उदयपुर के लोग सुरक्षित लौटने लगे हैं। पशुपतिनाथ सहित अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए नेपाल गए उदयपुर के मेनारिया समाज के लोग अब वहां से निकलकर बिहार पहुंचे हैं। आगे उनकी यात्रा बंगाल और उड़ीसा की तरफ जारी रहेगी।

उदयपुर से गए समूह के सदस्य भगवतीलाल मेनारिया ने बताया कि वे रात करीब 2 बजे नेपाल से बाहर निकले थे और आज बिहार के रक्सौल शहर में पहुँच गए। "नेपाल में स्थिति सामान्य होने के बाद जैसे ही हमें निकलने का निर्देश मिला, हमने तुरंत होटल छोड़कर यात्रा आरंभ कर दी। हम सभी 30 से ज्यादा सदस्य अब बंगाल और उड़ीसा की यात्रा पर रहेंगे।

इसी बीच उदयपुर नगर परिषद (वर्तमान नगर निगम) के पूर्व गैरेज समिति के अध्यक्ष अनिल सिंघल भी पोखरा शहर से काठमांडू के फ्लाइट के माध्यम से उदयपुर लौट आए हैं।

उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखने के बाद भारतीय दूतावास ने इन यात्रियों से संपर्क किया था। उन्होंने कहा, "अब सभी यात्रियों की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित हो गई है।

मेनारिया समाज के सभी सदस्य भारतीय भूमि पर सुरक्षित पहुँच चुके हैं।" इस तरह प्रशासन की सक्रियता और सहयोग से नेपाल में फंसे उदयपुर के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News