पासपोर्ट अब सिर्फ असली पते पर मिलेगा, नहीं तो रिटर्न हो जाएगा
विदेश मंत्रालय ने नए नियम जारी कर डाक विभाग को आदेश दिया
उदयपुर 1 अक्टूबर 2025। विदेश मंत्रालय ने नए नियम लागू कर डाक विभाग को निर्देश जारी किये है कि अब पासपोर्ट निर्धारित पते पर उसी व्यक्ति (पासपोर्ट धारक) को सौंपा जाएगा। पोस्टमेन अब किसी पड़ौसी या अन्य किसी व्यक्ति को नहीं सौंप सकेगा।
संबंधित पते पर पासपोर्ट धारक मौजूद नहीं है तो अधिकृत प्रतिनिधि को भी पासपोर्ट में अंकित पते पर ही डिलीवर होगा। अन्य किसी पते पर नहीं दिया जाएगा। पासपोर्ट आवेदनकर्ता यदि अन्य पते पर निवास कर रहा है तो डाक विभाग नया पता नहीं लिख सकेगा। यदि किसी प्रकार डिलीवरी संभव नहीं हुई तो डाक विभाग हाथो हाथ पासपोर्ट रिटर्न भेज देगा।
डाक अधिकारियो का कहना है कि नए नियम पासपोर्ट धारको की सुरक्षा के लिए लागू किये है। पासपोर्ट डिलीवरी के समय घर पर मौजूद रहने या अधिकृत प्रतिनिधि की जानकारी पहले से देनी होगी। विदेश मंत्रालय की नई व्यवस्था से पुलिस सत्यापन में दिए डिलीवरी के समय दिए पते की भी पुष्टि होगी।
यह होगा फायदा
गलत हाथो में पासपोर्ट जाने की संभावना खत्म
पासपोर्ट मिलने की प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी
डिलीवरी के समय पासपोर्ट धारक अनुपलब्ध तो अधिकृत प्रतिनिधि का नाम रिकॉर्ड में दर्ज
पासपोर्ट धारको को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा
छोटे बच्चो के केस में माता पिता की ID लगेगी
उल्लेखनीय है की देश में कई जगह आपराधिक प्रवृति के लोगो ने फ़र्ज़ी पते पर पासपोर्ट बनवाये जिनमे कई लोग देश छोड़ के भागे तो कुछ देश छोड़ने की तैयारी में थे , पुलिस से रिकॉर्ड मिलने पर विदेश मंत्रालय ने इसकी डिलीवरी में सख्ती बरती।
आपको बता दे की उदयपुर शहर के ही एक कुख्यात अपराधी ने यहां का निवासी होने के बावजूद स्वयं को बिहार के गया ज़िले का निवासी बताकर वहां का पता लिख दिया। गलत पते के बावजूद पासपोर्ट बन गया। डाक विभाग ने भी दूसरे को सौंप दिया हालाँकि विदेश रवाना होने से पहले यह अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
