भीलवाड़ा अस्पताल में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत
परिजनों का दावा- आईसीयू में वेंटिलेटर पर शिफ्ट करते समय ऑक्सीजन पाइप नहीं जोड़ा गया, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी।
Udaipur Times News, HospitalNegligence , Bhilwara News,भीलवाड़ा 15 जुलाई 2026 - रामस्नेही हॉस्पिटल में कथित लापरवाही के कारण एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि आईसीयू में मरीज को वेंटिलेटर पर शिफ्ट करने के दौरान अस्पताल स्टाफ ऑक्सीजन पाइप जोड़ना भूल गया, जिससे कुछ ही देर में मरीज की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। MedicalNegligence
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक के भांजे गौतम मेववंशी ने बताया कि रायला निवासी 52 वर्षीय घीसूलाल मेववंशी 8 जुलाई को मंडल-रायला नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल हो गए थे। HospitalNegligence
उन्हें इलाज के लिए रामस्नेही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सिर का ऑपरेशन होने के बाद उनका आईसीयू में उपचार चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए मरीज को आईसीयू से नीचे काउंटर पर लाया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मरीज को वापस आईसीयू में ले जाकर वेंटिलेटर पर रखा गया तो स्टाफ ऑक्सीजन पाइप जोड़ना भूल गया। कुछ देर बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी।
आरोप है कि उस समय आईसीयू में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था और सूचना देने के बाद भी काफी देर से कर्मचारी पहुंचे। तब तक मरीज की मौत हो चुकी थी। PatientDeath
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया, "मंगलवार रात करीब 11:30 बजे निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।" पुलिस के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन द्वारा अपनी गलती स्वीकार किए जाने के बाद परिजन शांत हुए और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
#Bhilwara #RamsnehiHospital #HospitalNegligence #MedicalNegligence #PatientDeath #ICU #RajasthanNews #BreakingNews #Healthcare #PoliceInvestigation #AyushmanYojana #IndiaNews
