राजसमंद स्कूलों में दूध पाउडर के गहन भौतिक सत्यापन का चलेगा अभियान
राजसमंद ज़िले की अन्य खबरे पढ़े Udaipur Times पर
News-दूध पाउडर के गहन भौतिक सत्यापन
राजसमंद, 7 नवम्बर। जिले में राजकीय विद्यालयों में दूध पाउडरों का होगी गहन भौतिक सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जिला स्तरीय रैंकिंग में कमजोर ब्लॉक को रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए।
सीडीईओ घनश्याम गौड़ ने बताया कि जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला निष्पादक बैठक संपन्न हुई। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से की गई। सीडीईओ ने भी जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु ब्लॉक एवं विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार प्रखर राजस्थान, मिड डे मील भोजन एवं दूध योजना, ईएलसी क्लब गठन, वंदे मातरम अभियान, विद्यालयों में निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के संचालन, पीएम श्री विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और स्वच्छ भारत मिशन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं विभागों से अधिकारी उपस्थित रहे।
News-बालकृष्ण स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का सांसद ने किया निरीक्षण
राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने गुरुवार शाम बालकृष्ण स्टेडियम में निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्य पर अपनी असंतुष्टि जाहिर करते हुए नगर परिषद के अधिकारियों के समक्ष नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही आयुक्त बृजेश राय को ठेकेदार को बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
News-वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सहभागिता का आह्वान
राजसमंद जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि स्काउट सेवा का पर्याय है। अपनी स्थापना के बाद से ही भारत स्काउट एवं गाइड ने सेवा कार्यों के माध्यम से देशभर में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने स्काउट स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित स्टीकर विमोचन कार्यक्रम में कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें सफल बनाने का आह्वान किया।
राजसमंद सीओ स्काउट सुनील कुमार सोनी ने बताया कि स्काउट स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यभर में स्टीकर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृज मोहन बैरवा, फ्लॉक लीडर एवं शिविर संचालिका दया मेघानी, शीला पोखरना, उर्मिला पुरोहित, फरजाना छिपा, पार्वती, शारदा, चेतन बैरवा, माधव पालीवाल, सुप्रीत और चंचल सहित अन्य उपस्थित रहे।
News-नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक
राजसमंद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय नशा मुक्त भारत अभियान समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में 06 अक्टूबर 2025 को हुई पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना पर विस्तृत चर्चा की गई। जिले के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया।
राजमार्गों के प्रमुख स्थलों एवं टोल नाकों पर नशा मुक्त भारत अभियान के शुभंकर के प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली शेष गतिविधियों के आयोजन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ऑनलाइन वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
नशा मुक्त भारत अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित एक राष्ट्रीय जनजागरूकता कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य समाज को नशे की लत से मुक्त कर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की दिशा में अग्रसर करना है।
इस अभियान के माध्यम से शराब, तंबाकू, ड्रग्स आदि नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाता है। इसका विशेष फोकस युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीण समुदाय पर रहता है, ताकि उन्हें नशे से दूर रखकर उत्पादक जीवन के लिए प्रेरित किया जा सके।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, कॉलेजों और पंचायत स्तर पर जागरूकता रैली, वर्कशॉप, दीवार लेखन, नशा मुक्त क्लबों का गठन जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
इसके साथ ही हेल्पलाइन 14446 के माध्यम से नशा मुक्ति से संबंधित परामर्श और सहायता भी प्रदान की जाती है। इस अभियान का मूल संदेश है -“नशा नहीं, नई सोच”, जो समाज को नशा मुक्त और सशक्त भारत की दिशा में एकजुट करता है।
