प्रतापगढ़:पीपलखूंट तहसीलदार का निधन: सरकारी अस्पताल पर लापरवाही के आरोप

घरवालों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप 
 | 

प्रतापगढ़ 23 सितंबर 2025। ज़िले के पीपलखूंट के तहसीलदार योगेश जायसवाल का सोमवार सुबह संदिग्ध हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिवार ने सरकारी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तेज सीने के दर्द और बेचैनी के बावजूद करीब एक घंटे तक उन्हें सही इलाज नहीं मिला और समय पर एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो सकी।

पत्नी वर्षा जायसवाल ने बताया कि जब वह पति को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचीं, तो वहां बीपी चेक करने की मशीन काम नहीं कर रही थी। कई बार प्रयास करने के बाद दूसरी मशीन लाई गई, लेकिन वह भी खराब निकली। उन्होंने कहा कि शुगर रिपोर्ट भी असामान्य आई थी और समय पर ऑक्सीजन सपोर्ट या एंबुलेंस मिल जाती तो जान बच सकती थी।

वर्षा ने आगे बताया कि उनके पति ने 11 अगस्त को पीपलखूंट में तहसीलदार के रूप में जॉइन किया था। स्टाफ की कमी और काम के दबाव की वजह से वे बीते कुछ दिनों से काफी तनाव में थे।

हालांकि, पीपलखूंट ब्लॉक चीफ मेडिकल ऑफिसर (BCMO) सुखराम अंडाना ने आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मरीज को अस्पताल लाने पर स्टाफ ने इलाज किया और ड्रिप भी लगाई थी। एंबुलेंस को 8 बजकर 3 मिनट पर कॉल किया गया और 8 बजकर 30 मिनट पर वहां पहुंच गई थी।

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर करीब 3 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम 6 बजे राजसमंद स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ज़िला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal