पंच गौरव जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता रविवार को

सलूंबर की खबरें पढ़े Udaipur Times पर 
 

 | 
Students participate in Tribal Pride Year celebrations on Birsa Munda Jayanti in Salumbar

 

Salumber , सलूंबर  24 जुलाई 2026 

 1 पंच गौरव जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता रविवार को

 राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पंच गौरव के अंतर्गत एक जिला एक खेल में चयनित कबड्डी खेल में जिले के अधिक से अधिक बालक/बालिका खिलाड़ियों को जोड़ने और अवसर प्रदान करने के साथ अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय पंच गौरव कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 26जुलाई 2026 को लव कुश शिक्षण संस्थान में किया जा रहा है । जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं मे दोनों ही वर्गों की विजेता एवं उपविजेता टीमें इसमें भाग लेगी ।

अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ श्री दिनेश राय सापेला ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र पर ड्रा निकाले गए तथा मैच का समय तय किया गया ।  सापेला ने बताया कि प्रतियोगिता की पुरुष/ महिला वर्ग की विजेता एवं उपविजेता टीमों के 400 खिलाड़ी प्रशिक्षक निर्णायक एवं जन प्रतिनिधि कुल भाग लेंगे । जिला स्तरीय आयोजन के लिए सभी टीमों की सूचना निर्धारित प्रारूप में मय जन्म प्रमाण पत्र (10 वी की मार्कशीट एवं आधार कार्ड ) आवश्यक रूप से जमा कराने के उपरांत ही भाग लेने दिया जाएगा । जिला स्तरीय प्रतियोगिता में टीमों को आयोजन स्थल तक लाने एवं ले जाने की व्यवस्था ग्राम विकास अधिकारी द्वारा की जाएगी ।

खिलाड़ियों को नाश्ता एवं दोपहर का भोजन आयोजन कमेटी द्वारा प्रदान किया जाएगा । खेल अधिकारी श्री चौधरी ने बताया कि सभी भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपना मूल आधार कार्ड साथ लाना होगा ।

अति .जिला कलेक्टर एवं आयोजन संयोजक श्री सापेला ने बताया कि इस आयोजन में 6 पंचायत समितियों की 24 टीम भाग लेगी जिसमे भाग लेने वाले समस्त 288 खिलाड़ियों को जिला प्रशासन द्वारा खेल पोशाक और कबड्डी मैट शू प्रदान किए जाएँगे ।

प्रतियोगिता के आयोजन प्रभारी एक जिला एक खेल कबड्डी के प्रशिक्षक नरेश रेबारी ने बताया कि मैच प्रातः 9.00 बजे प्रारम्भ किए जाएँगे जिसमे पुरुष वर्ग में 1- मोरीला, झल्लारा v/s वीरपुरा , जयसमंद 2- चावण्ड, सराड़ा v/s करावली, सलूम्बर 3-सराड़ी, सलूम्बर v/s बड़ावली, सेमारी 4- झरमाल, झल्लारा v/s टटाकिया, लसाड़िया महिला वर्ग :- 1- बामनिया, सलूम्बर v/s पीलादर, जयसमंद 2-गावड़ापाल, सलूम्बर v/s खोड़ीमहुड़ी, सराड़ा 3-झरमाल, झल्लारा v/s श्यामपूरा, सेमारी 4- धोलिया, लसाड़िया v/s बुड़ेल, झल्लारा के मध्य खेले जाएँगे ।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि सभी टीमों को प्रातः 9.00 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित होना होगा । 

2. प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत स्वरोजगार ऋण एवं अनुदान हेतु आवेदन आमंत्रित

राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम (अनुजा निगम) द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सलूम्बर जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों एवं समूहों से स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण प्राप्त करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक ममता जाखड़ ने बताया कि योजना के अंतर्गत सलूम्बर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र व्यक्ति एवं समूहों को शहरी पॉप, ग्रामीण पॉप, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, डेयरी योजना तथा मुद्रा ऋण योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अनुदान अनुजा निगम द्वारा बैंक खाते में हस्तांतरित किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को इकाई लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 50 हजार रुपये (जो भी कम हो) का अनुदान अनुजा निगम द्वारा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के इच्छुक अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्ति एवं समूह कार्यालय परियोजना प्रबंधक, राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग), सलूम्बर से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।

 3. राजकीय छात्रावासों में विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे विशेषज्ञ शिक्षक, गेस्ट फैकल्टी के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जिले में संचालित विद्यालय स्तरीय राजकीय छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गेस्ट फैकल्टी के चयन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा छात्रावासों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी, विज्ञान एवं गणित जैसे कठिन विषयों की कोचिंग प्रदान की जाएगी।

जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी ममता कुमारी जाखड़ ने बताया कि विभागीय नियमानुसार निर्धारित योग्यता एवं पात्रता रखने वाले अनुभवी सेवानिवृत्त कार्मिकों तथा निजी अभ्यर्थियों को गेस्ट फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा निर्धारित प्रतिघंटा दर के अनुसार मानदेय प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सलूंबर से प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा किए जा सकते हैं। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक छात्रावासों के लिए आवेदन करना चाहता है, तो प्रत्येक छात्रावास के लिए अलग-अलग आवेदन पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। गेस्ट फैकल्टी से संबंधित योग्यता, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी संबंधित राजकीय छात्रावास अथवा जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सलूंबर से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पात्र एवं योग्य अभ्यर्थियों से समयावधि के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। 

4. सफलता की कहानी

फॉलो अप ग्रामीण सेवा शिविरों में वर्षों पुराने राजस्व विवादों का समाधान, 40 वर्ष पुरानी नाम त्रुटि हुई दुरुस्त, पारिवारिक भूमि बंटवारे का भी हुआ निस्तारण

राजस्थान सरकार के फॉलो-अप ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत पंचायत समिति झल्लारा की ग्राम पंचायत मोरीला एवं भबराना में आयोजित शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर ही त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान की गई। शिविरों में अधिकारियों ने उपलब्ध अभिलेखों एवं दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित प्रकरणों का समाधान किया।

ग्राम पंचायत मोरीला में ग्राम राजपुरा निवासी खेमा पुत्र पदीया मीणा (80 वर्ष) के राजस्व अभिलेख (जमाबंदी) में पिछले लगभग 40 वर्षों से नाम गलत दर्ज था। अभिलेखों में उनके सही नाम के स्थान पर "पेमा पिता पदीया मीणा" अंकित होने के कारण उन्हें भूमि संबंधी एवं अन्य शासकीय कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीण सेवा शिविर में प्रस्तुत प्रकरण का परीक्षण कर उसी दिन नियमानुसार नाम शुद्धि की कार्रवाई पूर्ण की गई तथा राजस्व अभिलेख में सही नाम "खेमा पिता पदीया मीणा" दर्ज कर दिया गया। समस्या के समाधान पर लाभार्थी एवं उनके परिजनों ने राजस्थान सरकार, जिला प्रशासन सलूम्बर एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण सेवा शिविरों को जनहितकारी पहल बताया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत भबराना में वर्षों से लंबित पारिवारिक कृषि भूमि बंटवारे के मामले का भी शिविर में समाधान किया गया।

 गमन पुत्र नाथू, देवू पुत्र नाथू एवं नारिया पुत्र नाथू के मध्य आपसी सहमति एवं सहमति-पत्र के आधार पर कृषि भूमि का विधिवत बंटवारा कर राजस्व अभिलेखों के अद्यतन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस समाधान से लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद समाप्त हुआ, सभी पक्षकारों को अधिकारानुसार पृथक भूमि प्राप्त हुई, भविष्य में विवाद की संभावनाएं समाप्त हुईं तथा आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द को भी मजबूती मिली।

ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन सलूम्बर द्वारा आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों में राजस्व सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है, जिससे सुशासन की भावना साकार हो रही है।

#GuestFaculty #TeachingJobs #Salumbar #EducationNews #RajasthanJobs #GovernmentJobs #TeacherRecruitment #HostelEducation #Rajasthan #CareerNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News