पुलिस के लिए खाना बनाने वाली ‘मां’ के बेटे की शादी में थाने ने भरा ₹1.11 लाख का मायरा

25 साल की सेवा का सम्मान: पुलिस ने कुक मीराबाई के बेटे की शादी में निभाई ‘मायरे’ की रस्म
 | 

उदयपुर 16 मार्च 2026 । शहर के प्रतापनगर थाने में पुलिसकर्मियों के लिए भोजन बनाने वाली महिला के बेटे की शादी में थाने की ओर से 1.11 लाख रुपए का मायरा भरा गया। रविवार शाम ढोल-नगाड़ों की धुन के साथ थानाधिकारी सहित पुलिसकर्मी मीराबाई के सुंदरवास स्थित घर पहुंचे। इस दौरान सभी पुलिसकर्मी साफा पहनकर पारंपरिक अंदाज में नजर आए।

पुलिसकर्मियों के हाथों में नोटों और कपड़ों से सजे थाल थे। उनके पहुंचने पर मीराबाई और उनके परिवार की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने मीराबाई को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद पुलिस टीम की ओर से 1.11 लाख रुपए की राशि फैरावणी के साथ भेंट की गई। इस दौरान मीराबाई भावुक हो गईं।

सब इंस्पेक्टर रेणू खोईवाल ने बताया कि मीराबाई पिछले 25 वर्षों से थाने में पुलिसकर्मियों के लिए भोजन बना रही हैं। वे एक मां की तरह सभी का ख्याल रखती हैं और खाना तैयार होने के बाद सभी को बार-बार खाने के लिए बुलाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में थाने के स्टाफ की जिम्मेदारी बनती है कि वे उनका सम्मान करें और सहयोग करें। इसी भावना के साथ थाने के सभी स्टाफ की ओर से यह मायरा भरा गया।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #PositiveNews #PoliceHumanity #UdaipurPolice #MewarNews #HeartwarmingStory #GoodNews #RajasthanCulture