त्यौहारों के मद्देनज़र चित्तौड़गढ़ में पुलिस का फ्लैग मार्च
चित्तौड़गढ़ 2 मार्च 2026। आगामी त्यौहार होली, रमजान ईद तथा अन्य धार्मिक एवं सामाजिक पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा व्यापक कानून-व्यवस्था व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में शहर के संवेदनशील एवं प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
ज़िला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि फ्लैग मार्च में एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन में थाना स्तर से लेकर वृत्त स्तर तक के अधिकारी डीएसपी चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह, सदर एसएचओ प्रेम सिंह पु. नि., महिला थानाधिकारी निधि पु. नि. सहित पुलिस बल, यातायात पुलिस तथा एमबीसी के जवान शामिल रहे। मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना, असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना तथा त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस दल ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों से होकर मार्च किया और नागरिकों से शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
ज़िला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक संदेश या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सतत निगरानी की जा रही है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है तथा रात्रि गश्त बढ़ाई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को दें। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
ज़िला पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को पारंपरिक उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं, कानून का पालन करें तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।
#Chittorgarh #RajasthanPolice #Holi2026 #Eid2026 #LawAndOrder #UdaipurDivision #FestivalVibes #PeaceAndHarmony
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
