सलूंबर जिले की चार पंचायत समितियों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान संपन्न
Udaipur Times, Salumber News: पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत तृतीय चरण में गुरुवार को सलूंबर जिले की सलूंबर, गींगला, लसाड़िया एवं सेमारी पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान उत्साह, उमंग एवं लोकतांत्रिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मतदान केंद्रों पर दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही तथा ग्रामीणों ने लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही मतदान दलों से चर्चा कर मतदान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मतदान कार्मिकों, सुरक्षाकर्मियों तथा स्काउट एवं गाइड स्वयंसेवकों से संवाद कर उनके दायित्वों एवं कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी
मतदान के दौरान दिव्यांग मतदाताओं में भी लोकतंत्र के महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दिव्यांग मतदाता अपने परिजनों एवं सहयोगियों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
वृद्धजनों, महिलाओं एवं युवाओं में दिखा खासा उत्साह
मतदान को लेकर ग्रामीण अंचलों में हर आयु वर्ग के मतदाताओं में उत्साह का माहौल रहा। वृद्धजन पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।
वहीं, पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह नजर आया। युवाओं ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने लोकतंत्र के इस पर्व को खास बना दिया।
प्रशासन एवं पुलिस की मुस्तैदी से व्यवस्थित रही मतदान प्रक्रिया
स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरे दिन क्षेत्र में सक्रिय रहे। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखी। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
मतदान दलों एवं सुरक्षा कर्मियों ने समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। स्काउट एवं गाइड स्वयंसेवकों ने भी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने ग्राम पंचायत बरोड़ा एवं गुड़ में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की सुविधा एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।