लखपति दीदी बनीं प्रेम देवी, स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बदली आर्थिक स्थिति
भीलवाड़ा की बेटी ने भरी सफलता की उड़ान: प्रेम देवी की प्रेरणादायक कहानी"
भीलवाड़ा 2 अप्रैल 2026। ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर ग्राम निम्बाहेड़ा खुर्द, बनेड़ा ब्लॉक की प्रेम देवी पत्नी पन्ना लाल गुर्जर आज ‘लखपति दीदी’ बनकर उभरी हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से मिली वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
प्रेम देवी “गमटी वाले बाबा” स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं, जो ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत है। इनका सीएलएफ डाबला है तथा वीओ गुरूकृपा है। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बैंक लिंकेज के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई गई, जिससे उन्होंने पशुपालन कार्य प्रारंभ किया। वर्तमान में उनके पास 6 गायें एवं 10 से 12 भैंसें हैं, जिनसे दूध एवं गोबर बिक्री के माध्यम से प्रति माह 10 से 12 हजार रुपये की आय हो रही है।
सरकारी योजनाओं के तहत मिले प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन ने उन्हें आय के विभिन्न स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में उन्होंने अपनी बेटी के लिए सिलाई सेंटर स्थापित करवाया, जिससे हर माह 15 से 20 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है तथा स्थानीय महिलाओं को भी प्रशिक्षण मिल रहा है।
परिवार की आय में उनके पति का योगदान भी महत्वपूर्ण है, जो ट्रक चालक के रूप में प्रतिमाह लगभग 40 से 50 हजार रुपये अर्जित करते हैं। इसके अतिरिक्त परिवार के पास कृषि योग्य भूमि है, जिसमें रबी एवं खरीफ फसलों का उत्पादन किया जाता है। अनुकूल परिस्थितियों में प्रति सीजन लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये की आय कृषि से प्राप्त होती है।
ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की पहल ने प्रेम देवी जैसे अनेक परिवारों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। समूह की नियमित बैठकों, बचत की आदत एवं वित्तीय साक्षरता ने उनके आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत किया है।
आज प्रेम देवी का परिवार विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर वार्षिक 10 लाख रुपये से अधिक आय अर्जित कर रहा है। वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर चुकी हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनी हैं।
भविष्य में प्रेम देवी पशुपालन एवं कृषि कार्य का विस्तार करने के साथ-साथ अपनी बेटी के सिलाई सेंटर को और विकसित कर अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने की योजना बना रही हैं।
#Bhilwara #Rajasthan #RajasthanNews #Udaipur #RajasthanDiaries #LakhpatiDidi #WomenEmpowerment #SelfHelpGroup #SHGIndia #NRLM #RuralIndia #VillageSuccess #SuccessStory #Inspiration #RealHero #WomenEntrepreneur #AtmanirbharBharat #DigitalIndia #StartupIndia #LivestockFarming #TailoringBusiness #SmallBusinessIndia #IncomeGrowth #PositiveNews #IndiaStories #GroundReport #LocalToGlobal
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
