महामहिम राष्ट्रपति ने किया सिटी पैलेस म्यूजियम का अवलोकन

मेवाड़ के गौरवशाली वैभव से हुईं रूबरू
 | 
president visit city palace museum

उदयपुर 3 अक्टूबर 2024 । महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने गुरूवार को उदयपुर प्रवास के दौरान सिटी पैलेस म्यूजियम का अवलोकन किया। महामहिम राष्ट्रपति गुरूवार दोपहर सिटी पैलेस पहुंची। इस दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े व उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी साथ रहे। 

सिटी पैलेस में महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के डॉ लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ व निवृत्तिकुमारी मेवाड़ ने उनकी अगवानी की। महामहिम ने सिटी पैलेस में स्थित म्यूजियम का अवलोकन किया। इस दौरान लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ ने महामहिम को म्यूजियम की अलग-अलग गैलेरी का अवलोकन कराते हुए उनका महत्व बताया। 

इस दौरान डॉ. लक्ष्यराज सिंह और राष्ट्रपति मुर्मू के बीच वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, राणा सांगा सहित मेवाड़ के प्रतापी महाराणाओं के त्याग, बलिदान, शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान के गौरवशाली इतिहास और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर करीब डेढ़ घंटे तक मंथन हुआ। डॉ. लक्ष्यराज सिंह और राष्ट्रपति मुर्मू के बीच मेवाड़ और उड़ीसा के रिश्तों पर भी चर्चा हुई। क्योंकि, राष्ट्रपति द्रौपदी और डॉ. लक्ष्यराज सिंह की पत्नी निवृत्ति कुमारी मूलतः उड़ीसा की निवासी हैं। डॉ. लक्ष्यराज सिंह के ससुर पटना-बलांगीर रियासत के पूर्व महाराजा कनकवर्धन सिंह देव उड़ीसा की वर्तमान भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम हैं और सासू मां संगीता कुमारी सिंह देव बलांगीर लोकसभा से लगातार 5वीं बार भाजपा की सांसद हैं। डॉ. लक्ष्यराज सिंह की पत्नी निवृत्ति कुमारी, डिप्टी सीएम कनकवर्धन और सांसद संगीता की इकलौती बेटी हैं

इस दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी उपस्थित रहे। महामहिम राष्ट्रपति ने गुरूवार अपराह्न बाद माउंट आबू के लिए प्रस्थान किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News