बीते छह माह से रुस में मृत उदयपुर के आदिवासी युवक हितेंद्र गरासिया का शव भारत लाने के लिए संघर्ष कर रहा है। परिवार ने शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इसके बाद प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा, इसकी जानकारी प्रियंका ने स्वयं ट्वीट करके दी है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि हितेंद्र गरासिया का शव जल्द से जल्द मंगाया जाए। गौरतलब है कि हितेंद्र की मौत छह महीने पहले 17 जुलाई, 2021 को रूस में हो गई थी। हितेंद्र रोजगार के लिए रूस गया था और उसी दौरान उसकी मौत हो गई थी। हितेंद्र के शव के लिए उसके परिजनों ने राजस्थान हाई कोर्ट का सहारा लिया, तब पता चला कि उसका शव रूस में ही दफना दिया गया है।
हितेंद्र के परिजनों की ओर से दिल्ली में आंदोलन की जानकारी मिलने पर प्रियंका गांधी ने परिवार को घर बुलाया। हितेंद्र की पत्नी आशा, पुत्री उर्वशी, पुत्र पीयूष व मुहिम से जुड़े बूंदी चर्मेश शर्मा मिलने पहुंचे। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि हितेंद्र की बेटी उर्वशी गरासिया उनसे मिली। साथ ही, प्रियंका ने यह भी लिखा कि उर्वशी बड़ी हिम्मत से आवाज उठा रही हैं।
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार की मांग को सुनने का निवेदन किया है। इधर, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया कोआर्डिनेटर डा संजीव राजपुरोहित ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हए कहा कि मानवीय संवेदना से भरे इस बेहद संवेदनशील विषय को प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाने का काम उन्होंने किया है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal