पूर्व मुख्यमंत्री सुखाड़िया परिवार में संपत्ति विवाद


पूर्व मुख्यमंत्री सुखाड़िया परिवार में संपत्ति विवाद 

देवर के खिलाफ बहू ने दर्ज कराया मुकदमा

 
Dispute in Sukhadia family

उदयपुर 18 जून 2025। आधुनिक राजस्थान के निर्माता और लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय मोहनलाल सुखाड़िया के परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री की पुत्रवधू नीलिमा सुखाड़िया ने अपने देवर अरुण सुखाड़िया के खिलाफ जबरन प्लॉट पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलिमा सुखाड़िया पत्नी स्वर्गीय दिलीप सुखाड़िया निवासी दुर्गा नर्सरी रोड उदयपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनके पास शहर में प्लॉट संख्या 4 (क्षेत्रफल 3666.6 वर्ग फीट) है, और इसके पास ही प्लॉट संख्या 10 (क्षेत्रफल 3958 वर्ग फीट) स्थित है। दोनों प्लॉटों के चारों ओर बाउंड्रीवाल बनी हुई है।

8 जून को दोपहर 12:30 बजे नीलिमा सुखाड़िया के ड्राइवर ने देखा कि अरुण सुखाड़िया पांच मजदूरों के साथ बाउंड्रीवाल को तोड़ रहे थे। सूचना मिलने पर नीलिमा जब मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि मजदूर बाउंड्रीवाल तोड़ रहे थे और अरुण सुखाड़िया वहीं खड़े होकर निर्देश दे रहे थे। जब नीलिमा ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी गई।

नीलिमा का कहना है कि अरुण सुखाड़िया उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं और उन्हें तथा उनके परिवार को मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बीते दो दिनों से अज्ञात लोग उनके घर के आसपास घूम रहे हैं और अज्ञात नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे हैं कि यदि उन्होंने दुर्गा नर्सरी क्षेत्र नहीं छोड़ा, तो जान से हाथ धो बैठेंगी।

नीलिमा ने बताया कि वह अपने घर में अकेली रहती हैं और उनकी सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरुण सुखाड़िया और प्रवीण शर्मा ने प्लॉट को बेचने के लिए विज्ञापन भी जारी किया और जबरन कब्जा करने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उन्हें या उनके घर की संपत्ति को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी अरुण सुखाड़िया और उनके परिवार की होगी।

भूपालपुरा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal