नीमच माता तक जाने वाले मार्ग में अव्यवस्थाओं को लेकर विरोध जताया

व्यापारियों ने अपनी दुकाने बंद कर इसका विरोध जताया

 | 
neemach mata

उदयपुर 10 अक्टूबर 2023। शहर की वैष्णों देवी के नाम से जगत विख्यात नीमच माता के दरबार में जाने वाले मार्ग में अव्यवस्थाओं को लेकर देवाली के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारियों ने अपनी दुकाने बंद कर इसका विरोध जताया। साथ ही कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की माँग की। विरोध में क्षेत्र की दुकाने बंद होने से सड़कों पर वीरानियाँ नज़र आई।  

आपको बता दें कि सोमवार को नवरात्री से पूर्व वहाँ की व्यवस्था देखने गए युवाओं का गुस्सा फुट पड़ा। युवाओं ने पहाड़ी से उतरकर ये बात बताई तो क्षेत्र में आक्रोश फूट पड़ा। देवाली के व्यापारियों ने मंगलवार को तीन घंटे अपने प्रतिष्ठान बंद कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी बात रखी। 

क्षेत्रवासियों ने बताया कि आगामी 15 अक्टूबर को नवरात्रि स्थापना को लेकर अव्यवस्था देखने को मिली। उन्होंने बताया कि नीमच माता मार्ग काफी समय से चल रहे रोपवे के कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हो चूका है। भारी साधनों को नीमच माता मंदिर तक ले जाने के लिए यही मार्ग काम में लिया जा रहा है। इसके लिए रेती और भारी साधनों को गधों के ऊपर लादकर लेकर जाया जा रहा है। 

इस कारण नीमच माता मंदिर तक पहुंचाने के लिए पूरा मार्ग टूट चुका है। उनका कहना है कि नवरात्रि के समय तक अगर यह मार्ग सही नहीं करवाया गया तो बड़ी जनहानि होने का भी अंदेशा है। देवाली नीमच माता जनता व्यापार मंडल के सदस्यों ने इसके विरोध में मंगलवार सुबह 11 से 2 बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखें। 
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News