राजसमंद के आमेट में दर्दनाक हादसे के बाद बवाल, तीन मौतों से फूटा लोगों का गुस्सा

 | 
Villagers protesting after fatal trailer-bike accident in Amet Rajsamand

Udaipur Times, Rajsamand News: 25 मई 2026। ज़िले के आमेट थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। ट्रेलर और बाइक की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार हादसा आमेट के सेलागुड़ा मार्ग स्थित आसण पुलिया के पास हुआ, जहां अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर एक ही परिवार के पांच लोग देवगढ़ से आमेट की ओर जा रहे थे। हादसे में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजसमंद रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि एक शव ट्रेलर के टायर के नीचे फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही आमेट सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आमेट-भीलवाड़ा मार्ग को जाम कर दिया और कई जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख स्थानीय व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से बाजार बंद कर दिए।

प्रदर्शन के दौरान कुछ राहगीरों और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी और हल्की झड़प की भी सूचना सामने आई है। बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल रहीं और लगातार नारेबाजी करती नजर आईं।

प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं। स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाप्ता मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार समझाइश का प्रयास कर रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News