झाड़ोल पंचायत समिति सभागार में सोते कर्मचारियों पर गिरी पीवीसी छत, एक का हाथ फ्रैक्चर

 | 
Jhadol panchayat Samiti

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर जिले की झाड़ोल पंचायत समिति के सभागार में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पंचायत चुनाव की ड्यूटी पर आए कर्मचारियों के सोते समय सभागार की छत पर लगी पीवीसी फॉल सीलिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में एक कर्मचारी का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। घटना देर रात करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पंचायत चुनाव में ड्यूटी के लिए आई मतदान टीमों के कर्मचारियों को रात में ठहरने के लिए पंचायत समिति सभागार में व्यवस्था की गई थी। दिनभर की थकान के बाद ज्यादातर कर्मचारी हॉल में सो रहे थे। इसी दौरान सभागार में बने स्टेज के ठीक ऊपर लगी पीवीसी फॉल सीलिंग का हिस्सा अचानक नीचे गिर पड़ा।

छत गिरने की तेज आवाज से गहरी नींद में सो रहे कर्मचारी घबराकर उठे और बाहर की ओर भागने लगे। अंधेरे में मची अफरा-तफरी के दौरान कुछ कर्मचारी हॉल में रखी टेबलों से टकराकर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। गनीमत रही कि छत का पूरा हिस्सा कर्मचारियों के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे में नयागांव क्षेत्र के पाटिया स्कूल में कार्यरत पीटीआई रमेश चंद्र के हाथ में गंभीर चोट आई और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। वे पंचायत चुनाव की ड्यूटी के लिए झाड़ोल आए हुए थे। हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारी उन्हें झाड़ोल अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें देर रात ही उदयपुर रेफर कर दिया। वहीं, अन्य चोटिल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News