Rajasmand: आमेट अस्पताल में भूख हड़ताल का तीसरा दिन

प्रदर्शनकारी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, सीएमएचओ अनुपस्थित, स्थानीय लोगों में रोष

 | 
Protesters sitting on indefinite hunger strike outside Amet Government Hospital in Rajsamand district demanding better healthcare services

आमेट राजसमंद 29 जनवरी 2026 । स्थानीय सरकारी अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के तीसरे दिन भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) हेमंत मौके पर नहीं पहुंचे।( खबर लिखे जानते तक )

 हालात यह हैं कि सीएमएचओ पत्रकारों के फोन तक नहीं उठा रहे, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंगलवार सुबह 7 बजे से पुष्पेंद्र जांगिड़ और पिंटू मेवाड़ा अस्पताल के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकलने से युवकों में भारी आक्रोश है। हालांकि प्रशासन हड़ताल समाप्त कराने के प्रयास में जुटा हुआ है, लेकिन मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में युवकों ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व 19 जनवरी को नगरवासियों द्वारा अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार, अनियमितताओं पर रोक और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में अस्पताल में फैली अव्यवस्था, सुविधाओं की कमी और चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। तीन दिन बीतने के बावजूद सीएमएचओ का मौके पर नहीं पहुंचना और संवाद से दूरी बनाए रखना स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।

#Amet #Rajsamand #UdaipurDivision #RajasthanNews #AmetHospital #RajsamandNews #RajasthanHealthcare

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News