राजस्थान दिवस समारोह स्वच्छता सफ्ताह आरंभ
उदयपुर 15 मार्च 2026। राजस्थान दिवस समारोह के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल सुखाड़िया सर्कल पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों द्वारा सफाई कार्य कर की गई।
कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला कलक्टर नमित मेहता, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, समाजसेवी गजपाल सिंह,अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर जितेंद्र ओझा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन ने शहरवासियों को स्वच्छता को लेकर नगर निगम द्वारा जो अभियान चलाया गया है उसमें सहयोग करने की अपील की है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने भी शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उदयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में शुरू किया गया यह स्वच्छता सप्ताह सात दिनों तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मनाया जाएगा। इस दौरान नगर निगम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता रैली, प्लास्टिक मुक्त अभियान, जागरूकता गतिविधियां तथा श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। यदि सभी लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें तो उदयपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
अभियान के पहले दिन सुखाड़िया सर्कल क्षेत्र में सभी ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और आमजन को भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
