राजस्थान SI भर्ती रद्द होने से छात्रों में आक्रोश
उदयपुर में हाथों में तख्तियां लिए सड़क पर उतरे छात्र
उदयपुर 2 सितंबर 2025। राजस्थान सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द किए जाने के फैसले ने प्रदेशभर में छात्रों के बीच गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को उदयपुर में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहे।
छात्रों का कहना है कि भर्ती को रद्द करना मेहनती और ईमानदार अभ्यर्थियों के साथ नाइंसाफी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और धोखाधड़ी जैसे मामलों के पीछे कुछ गिने-चुने लोग जिम्मेदार हैं, लेकिन इसका खामियाजा हजारों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और उन छात्रों को मौका देना चाहिए जिन्होंने ईमानदारी से परीक्षा दी थी।
प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण भी हो गया। छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। कई बार स्थिति ऐसी बनी कि झड़प की नौबत आ गई। हालांकि बाद में पुलिस ने हालात को काबू में किया और प्रदर्शन शांत कराने की कोशिश की।
छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। उनका कहना है कि वे न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे और किसी भी सूरत में हार मानने वाले नहीं हैं।
#Rajasthan #Udaipur #SIBharti #StudentProtest #RajasthanPoliceExam #PaperLeak #JusticeForStudents #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurTimes
