यहाँ विकसित होगी राजस्थान की विशिष्ट एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप

 | 
Jodhpur Pali Marwar Indsutrial Area

 

Udaipur Times, JPMIA:  राजस्थान में दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक कॉरिडोर (DMIC) परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (JPMIA) को राज्य की एक विशिष्ट एवं आधुनिक एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप (Integrated Industrial Township) के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यह परियोजना राजस्थान में अपनी तरह की अनूठी परियोजना है, जिसमें औद्योगिक निवेश के साथ-साथ आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत एवं सामाजिक सुविधाओं का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

गुरुवार को उद्योग भवन में RIICO के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र के वर्तमान विकास कार्यों की प्रगति, निवेशकों से प्राप्त उत्साहजनक प्रतिक्रिया तथा क्षेत्र के उत्तरी भाग के नियोजित एवं त्वरित विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रीको सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि RIICO द्वारा पाली जिले के रोहट में JPMIA-SIR के अंतर्गत एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जा रही है। इस टाउनशिप की परिकल्पना पर्यावरणीय मानकों के पूर्ण अनुपालन के साथ की गई है। यहां उद्योगों के सुचारु संचालन एवं दीर्घकालिक विकास के लिए आवश्यक समस्त आधारभूत सुविधाओं का नियोजित विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ वाणिज्यिक, आवासीय एवं संस्थागत उपयोग हेतु भूमि तथा श्रमिकों एवं अन्य कार्मिकों की आवासीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सामाजिक सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं  विकसित की जाएंगी। इस प्रकार यह टाउनशिप केवल औद्योगिक भूखण्डों तक सीमित न रहकर उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए एक समग्र एवं सुव्यवस्थित औद्योगिक इकोसिस्टम उपलब्ध कराएगी।

प्रथम चरण में विकसित क्षेत्र के प्रति उद्यमियों एवं निवेशकों, विशेषकर विदेशी निवेशकों द्वारा दिखाई गई उत्साहजनक रुचि तथा व्हाइट एवं ग्रीन श्रेणी के उद्योगों की संभावनाओं को देखते हुए टाउनशिप के उत्तरी भाग में 300 हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इस क्षेत्र की योजना में मुख्य रूप से पर्यावरण अनुकूल एवं कम प्रदूषणकारी उद्योगों के लिए औद्योगिक भूखण्डों के साथ-साथ कार्यबल की आवासीय आवश्यकताओं तथा वेयरहाउसिंग जैसी सहायक गतिविधियों के लिए भी समुचित प्रावधान किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ संतुलित एवं समेकित औद्योगिक विकास मॉडल को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तरी भाग की विस्तृत प्लानिंग को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत लागत आकलन तैयार कर EPC आधार पर विकास कार्य करवाने हेतु RFP आमंत्रित की जाएगी। विकास कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस क्षेत्र के भूखण्डों को प्रचलित भूमि निस्तारण नीति के प्रावधानों के अनुसार आवंटन हेतु उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं, JPMIA के प्रथम चरण में औद्योगिक एवं सामाजिक सुविधाओं, जैसे मोटल, रेस्टोरेंट आदि के लिए भूखण्डों का प्रत्यक्ष आवंटन प्रारंभ किया जा चुका है। प्रथम चरण में विकसित क्षेत्र में औद्योगिक भूखण्ड प्राप्त करने के इच्छुक निवेशक दिनांक 20 नवम्बर, 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रथम राउंड में कुल 30 भूखण्ड आवंटन हेतु उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त, आगामी द्वितीय राउंड में और अधिक भूखण्ड आवंटन हेतु खोले जाएंगे।

परियोजना के प्रथम चरण में प्रमुख सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचना विकास कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। जल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल से परियोजना स्थल तक जलापूर्ति की व्यवस्था विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। वहीं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड द्वारा कांकाणी से परियोजना सीमा तक डबल-बे लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। रीको द्वारा विकास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि परियोजना का विकास निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जा सके।

जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र का नियोजित विकास पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News