राजस्थान के पशुपालन कार्मिकों को मिला पदोन्नति का तोहफा
Udaipur Times, Rajasthan News: पशुपालन विभाग में कार्यरत मंत्रालयिक संवर्ग के कार्मिकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विभाग ने मंत्रालयिक संवर्ग की सभी श्रेणियों की पदोन्नति प्रक्रिया वर्ष 2025-26 तक पूर्ण कर दी है।
विभाग द्वारा आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के पश्चात विभिन्न पदों पर कुल 113 कार्मिकों को पदोन्नत किया गया है जिनमें संस्थापन अधिकारी के 05, प्रशासनिक अधिकारी के 16, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के 38, सहायक प्रशासनिक अधिकारी के 34 तथा वरिष्ठ सहायक के 20 पद हैं।
विभाग की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध रूप से संपन्न किया गया है। इससे मंत्रालयिक संवर्ग के कार्मिकों को उनकी योग्यता, अनुभव एवं सेवा अवधि के अनुरूप पदोन्नति का लाभ प्राप्त हुआ है।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना ने कहा कि मंत्रालयिक संवर्ग के सभी वर्गों की पदोन्नति वर्ष 2025-26 तक पूर्ण किया जाना विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए गए।
उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि कार्मिक किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। पदोन्नति मिलने के साथ ही जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पदोन्नति का लाभ मिलने से कार्मिकों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे अधिक उत्साह ऊर्जा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इससे विभागीय कार्यों के प्रभावी एवं सुचारू संचालन को भी गति मिलेगी। मीना ने कहा कि पदोन्नति से कार्मिकों को नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ विभागीय कार्यप्रणाली में दक्षता और जवाबदेही को भी बढ़ावा मिलेगा।
