राजमाता विजयराज कुमारी का महासतिया में हुआ अंतिम संस्कार

 | 
Rajmata Funeral

 

Udaipur Times, Udaipur News: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ की पत्नी विजयराज कुमारी उनका अंतिम संस्कार उदयपुर स्थित महासतिया में किया गया। उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ भावुक नजर आए।

विजयराज कुमारी का सोमवार देर रात 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं।

425 साल पुरानी छतरियों के बीच अंतिम संस्कार

विजयराज कुमारी का अंतिम संस्कार उदयपुर के महासतिया में करीब 425 साल पुरानी छतरियों के बीच किया गया। बारिश के बीच अंतिम संस्कार की परंपराएं निभाई गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य, पूर्व राजपरिवारों से जुड़े लोग और शहरवासी मौजूद रहे।

शंभू पैलेस से निकली अंतिम यात्रा

अंतिम संस्कार से पहले पूर्व राजपरिवार के आधिकारिक निवास शंभू पैलेस से विजयराज कुमारी की अंतिम यात्रा निकाली गई। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

अंतिम दर्शन के लिए रास्ते भर उमड़ी भीड़

विजयराज कुमारी के अंतिम दर्शन के लिए यात्रा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े नजर आए। कई लोग उन्हें अंतिम विदाई देते हुए भावुक हो गए। यात्रा के दौरान लोगों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा में उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, पोते और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।

शिक्षा और समाजसेवा से रहा विशेष जुड़ाव

विजयराज कुमारी का उदयपुर में शिक्षा और परोपकारी गतिविधियों से विशेष जुड़ाव रहा। 1980 के दशक में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के विकास और उसे व्यवस्थित एवं आधुनिक शैक्षणिक स्वरूप देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पिछले साल हुआ था अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन

विजयराज कुमारी के पति और पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का पिछले साल मार्च में निधन हुआ था। वे भी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अब विजयराज कुमारी के निधन से मेवाड़ राजपरिवार और उनसे जुड़े लोगों में शोक की लहर है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News