राजसमंद के पसूंद चुनाव में धांधली के आरोप, प्रत्याशी राजू टांक ने री-काउंटिंग की मांग

 | 
Rajsamand News

 

Udaipur Times, Rajsamand News :  राजसमंद जिले की पसूंद ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। चुनाव में कथित धांधली, फर्जी मतदान और पक्षपात के आरोप लगाते हुए प्रत्याशी राजू टांक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चुनाव की निष्पक्ष जांच और मतों की दोबारा गिनती (री-काउंटिंग) कराने की मांग की।

प्रत्याशी राजू टांक ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव करवाने वाले सरकारी कर्मचारियों और निर्वाचन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान कथित मिलीभगत कर दूसरे प्रत्याशी को फायदा पहुंचाया गया और फर्जी मतदान करवाया गया।

राजू टांक ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान दूसरे प्रत्याशी द्वारा मोबाइल फोन लेकर पोलिंग बूथ में प्रवेश किया जा रहा था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और नियमों की अनदेखी किए जाने की बात भी कही।

राजू टांक का कहना है कि जब उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर री-काउंटिंग की मांग की, तो उनकी मांग को स्वीकार नहीं किया गया और दोबारा मतगणना भी नहीं करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित मिलीभगत और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उन्हें जबरन चुनाव हराया गया।

इसी मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रत्याशी के समर्थकों ने जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मतों की दोबारा गिनती तथा चुनाव प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन इन गंभीर आरोपों को लेकर क्या कदम उठाता है और क्या पसूंद ग्राम पंचायत चुनाव में री-काउंटिंग की मांग पर कोई निर्णय लिया जाता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News