राजसमंद सहकारी भूमि विकास बैंक को नगद वसूली में प्रदेश में तीसरा स्थान
राजसमंद ज़िले से संबंधित अन्य खबरे भी पढ़े Udaipur Times पर
News-राजसमंद सहकारी भूमि विकास बैंक को नगद वसूली में प्रदेश में तीसरा स्थान
राजसमंद। सहकारिता सदस्यता पखवाड़े के दूसरे दिन जयपुर में राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक की 61वीं साधारण सभा का अधिवेशन अपेक्स बैंक के महाप्रबंधक संजय पाठक के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
अधिवेशन की अध्यक्षता बैंक के प्रशासक संदीप खण्डेलवाल ने की, जबकि प्रबंध निदेशक जितेन्द्र प्रसाद शर्मा ने बैंक की राजस्थान में भूमिका एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अवधीपार ब्याज राहत योजना (सीएम ओटिस) से प्रदेश के हजारों किसान लाभान्वित हुए हैं।
इस अवसर पर राजसमंद सहकारी भूमि विकास बैंक के सचिव विनोद कोठारी को प्रदेश में सर्वाधिक नगद वसूली में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश स्तरीय इस उपलब्धि पर भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रामलाल सोनी, सहसंयोजक विनोद चोरडिया एवं उदयपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व निदेशक ललित चोरडिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया।
News-जिले भर के होनहार विद्यार्थी करेंगे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
राजसमंद। सत्र 2024-25 की इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के अंतर्गत जिले में जिला स्तरीय दो दिवसीय इंस्पायर प्रदर्शनी का आयोजन 07 एवं 08 अक्टूबर 2025 को गायत्री विद्या मंदिर, किशोर नगर मण्डा, राजसमंद में किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, श्री बिहारी लाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी में जिले के चयनित राजकीय और निजी विद्यालयों के कुल 183 विद्यार्थी भाग लेंगे।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार व्यास ने बताया कि विद्यार्थियों को विज्ञान मॉडल बनाने के लिए प्रति विद्यार्थी 10,000/- रुपये की राशि DBT के माध्यम से प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान, अहमदाबाद प्रत्येक वर्ष मौलिक चिन्तन और सृजन को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों से समाजोपयोगी आइडिया लेते हैं। इसके चयनित विचारों को मूर्त रूप देने हेतु सहायता राशि प्रदान की जाती है। सत्र 2024-25 में राजसमंद जिले से 5789 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से श्रेष्ठ 183 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
विद्यार्थी दो दिवसीय प्रदर्शनी में अपने बनाए मॉडल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक शिव कुमार व्यास ने बताया कि जिला स्तरीय प्रदर्शनी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
