राजसमंद: केलवा व देवपुरा में विकास कार्यों का उद्घाटन

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने उद्घाटन व शिलान्यास किया
 | 

राजसमंद 27 जनवरी 2026। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में उन्होंने आज ग्राम पंचायत केलवा में जनहित को समर्पित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

ग्राम पंचायत केलवा में पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल पथ का शिलान्यास किया गया, जिसमें केलवा चौपाटी से धोली बावड़ी गर्ल्स स्कूल होते हुए केलवा रेस्टोरेंट तक तथा ग्राम पंचायत भवन तक मार्ग निर्माण (₹3.15 करोड़) शामिल है। इसके साथ ही हरिजन बस्ती में यात्री प्रतीक्षालय का उद्घाटन (₹5 लाख), भागल में महिला स्नानघर का उद्घाटन (₹5 लाख) तथा केलवा गढ़ पेयजल योजना का उद्घाटन किया गया, जिसमें कुएँ का निर्माण, 4 लाख लीटर क्षमता का भूतल जलाशय, 2.5 किलोमीटर पाइप लाइन एवं सौर ऊर्जा योजना (₹90 लाख) सम्मिलित है। इन सभी कार्यों से केलवा पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुविधाओं का सशक्त विस्तार होगा तथा ग्रामवासियों को बुनियादी सुविधाएं और अधिक सुलभ व सुदृढ़ होंगी।

इसके पश्चात विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्राम पंचायत देवपुरा में भी महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। देवपुरा पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का उद्घाटन (₹55 लाख), भील बस्ती मादड़ी देवस्थान एवं बलाई बस्ती उपली मियारी में यात्री प्रतीक्षालयों का उद्घाटन (₹5-₹5 लाख), मुख्य गाँव में निर्मित सीसी सड़क का उद्घाटन (₹20 लाख) तथा रातिपटिया में सीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास (₹25 लाख) किया गया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में मजबूती आएगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्रामीणों से जनकल्याणकारी योजनाओं की अधिक से अधिक जानकारी लेकर गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने पसूंद में श्मशान से तलाई कुआँ, भील बस्ती एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तक निर्माणाधीन सड़क का कार्यकर्ताओं के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष से ₹80 लाख की लागत से निर्माणाधीन इस सड़क के निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं मानकों के पूर्ण पालन के स्पष्ट निर्देश दिए।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मोरचना में जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष से स्वीकृत ₹90 लाख की लागत से प्रस्तावित नवीन विद्यालय भवन निर्माण कार्य हेतु विद्यालय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित भवन का ले-आउट, कक्षाओं की आवश्यकता, विद्यार्थियों की संख्या तथा भविष्य की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण योजना की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को विद्यालय भवन निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

#UdaipurTimes #UdaipurTimesnews #UdaipurTimesOfficial #RajsamandNews #DrinkingWaterProject #RuralInfrastructure #DeeptiKiranMaheshwari #KelwaPanchayat #DevpuraPanchayat #AtalPath #RuralDevelopmen


 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal