Rajsamand News: दिवेर पंचायत में जन सुनवाई के नाम पर खानापूर्ति

 | 

Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमंद ज़िले के दिवेर में सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली जन सुनवाई कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत दिवेर पंचायत में कुछ और ही नजर आई। यहां जन सुनवाई के नाम पर महज औपचारिकता निभाते हुए विभागीय अधिकारी दिखाई दिए।

मामला उस समय सामने आया जब मीडिया टीम दिवेर पंचायत पहुंची। वहां देखा गया कि आधार कार्ड और अन्य कार्यों से पंचायत पहुंचे लोगों को एक हॉल में बैठाकर उनके फोटो लिए गए और बैठक का स्वरूप देकर औपचारिकता पूरी की गई। मौके पर पंचायत सचिव और एलडीसी मौजूद नजर आए। Rajsamand News

जब इस संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई तो सचिव ने बताया कि जन सुनवाई 23 तारीख को आयोजित होगी, जबकि एलडीसी ने कहा कि आज से ही जन सुनवाई शुरू हो चुकी है। अधिकारियों के अलग-अलग बयानों से पूरे मामले में भ्रम की स्थिति दिखाई दी।

वहीं सभा में मौजूद लोगों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें यह तक जानकारी नहीं थी कि आखिर बैठक किस विषय को लेकर आयोजित की गई है। लोगों का कहना था कि केवल फोटो खिंचवाकर पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाते हैं, लेकिन बैठक का उद्देश्य और चर्चा क्या है इसकी जानकारी आमजन को नहीं दी जाती। Rajsamand News

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन विभागीय अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई और औपचारिकताओं तक सीमित होकर रह गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी एसी कमरों से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर समस्याएं सुनने की बजाय केवल रिकॉर्ड पूरा करने में लगे हुए हैं।

अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा जन सुनवाई जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को वास्तव में आमजन तक पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News