Rajsamand DSP शिप्रा राजावत की पहल: फूल देकर समझाइश, हेलमेट बांटकर बचाई जिंदगी की सीख
Udaipur Times, Rajsamand News: 6 जून 2026। राजसमंद सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मृत्यु दर को कम करने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देलवाड़ा पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। नोगड़िया टोल नाके पर आयोजित इस विशेष अभियान में वृत्ताधिकारी नाथद्वारा DSP शिप्रा राजावत के नेतृत्व में वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए प्रेरित किया गया।
DSP शिप्रा राजावत ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर लोगों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को फूल भेंट कर सम्मानपूर्वक समझाइश दी गई तथा हेलमेट वितरित किए गए। इस अनूठी पहल को राहगीरों और वाहन चालकों ने खूब सराहा।
राजावत ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की आदत अपनानी चाहिए। उनके मार्गदर्शन में पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
अभियान में देलवाड़ा थानाधिकारी मनभंवरलाल, टोल प्रबंधन एवं टोल कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि पुलिस केवल कानून लागू करने का कार्य ही नहीं करती, बल्कि समाज को सुरक्षित बनाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाती है।
