राजसमंद: खेत पर बैठे बुजुर्ग पर पेंथर का हमला
राजसमंद 23 नवंबर 2025। ज़िले के झोर गांव के एक खेत पर उस समय हड़कंप मच गया, जब 87 वर्षीय बुजुर्ग जगरूप कीर पर अचानक पेंथर ने हमला कर दिया। रोजाना की तरह सुबह 8 बजे खेत देखने पहुंचे जगरूप कीर पर झाड़ियों में छिपे पेंथर ने झपट्टा मार दिया। हमले में बुजुर्ग लहूलुहान होकर खेत में ही गिर पड़े।
कुछ देर बाद बेटे किशन कीर खेत पर पहुंचे तो पिता को खून से सने कपड़ों के साथ तड़पते हुए देखकर घबरा गए। उन्होंने तुरंत अन्य भाइयों बालू कीर और सोहन कीर को बुलाया और तीनों ने मिलकर घायल को राजसमंद के आरके चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार पेंथर ने सिर, पीठ और शरीर के आगे हिस्सों पर गहरे घाव किए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बुजुर्ग को उदयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से पेंथर की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने पिंजरा लगाकर पेंथर को पकड़ने और गांव पर मंडरा रहे खतरे को खत्म करने की मांग की है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
