Rajsamand: लालबाग चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं पर महिला कांग्रेस का हल्लाबोल

 | 
Women Congress leaders inspecting facilities at Lalbagh Government Hospital in Nathdwara over alleged healthcare mismanagement.

Udaipur Times, Rajsamand News: 26 मई 2026। श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा के लालबाग स्थित राजकीय चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और सत्ताधारी दल के नेताओं की कथित दखलअंदाजी को लेकर सोमवार को महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोरमा डाबी एवं ब्लॉक अध्यक्ष गौरी चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी चिकित्सालय पहुंचीं, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर मरीजों और परिजनों की समस्याएं सुनीं। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने पीएमओ डॉ. अनिल शाह से मुलाकात कर गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

महिला कांग्रेस ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। ब्लॉक अध्यक्ष गौरी चौधरी ने बताया कि संगठन की ओर से मुख्य रूप से तीन गंभीर मुद्दों को प्रशासन के सामने रखा गया है, जिनमें चिकित्सकीय लापरवाही, जांच सुविधाओं का अभाव और राजनीतिक हस्तक्षेप शामिल हैं।

ड्यूटी के दौरान नशे में उपचार का आरोप

महिला कांग्रेस ने चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सक डॉ. प्रशांत गिरी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्हें ड्यूटी समय में नशे की हालत में मरीजों का उपचार करते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि मामला उजागर होने के बाद संबंधित चिकित्सक अपना फोन स्विच ऑफ कर अस्पताल से गायब हो गए। महिला कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि कोई डॉक्टर नशे की हालत में मरीजों का उपचार करेगा तो मरीजों की जान और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी कौन लेगा।

जांच सुविधाएं ठप, मरीज परेशान

महिला कांग्रेस ने सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को “दिखावा” बताते हुए कहा कि अस्पताल में कई जरूरी जांचें बंद पड़ी हैं। नेताओं के अनुसार यूरिन, थायराइड सहित 10 से अधिक महत्वपूर्ण जांचें मरीजों को लिखी तो जा रही हैं, लेकिन अस्पताल में नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में मरीजों को या तो निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है या फिर बिना जांच के ही लौटना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, समय पर जांच रिपोर्ट नहीं मिलने से मरीजों के उपचार में भी गंभीर देरी हो रही है।

भाजपा नेताओं की कथित मनमानी पर भी सवाल

महिला कांग्रेस ने अस्पताल परिसर में भाजपा नेताओं की कथित दखलअंदाजी को लेकर भी नाराजगी जताई। गौरी चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रवेश निषेध वाली जांच लैब में भाजपा के युवा नेता बिना किसी रोकटोक के घूमते नजर आ रहे हैं, जबकि आम मरीजों और उनके परिजनों को वहां प्रवेश तक नहीं दिया जाता। उन्होंने इसे प्रशासनिक ढिलाई और राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया।

पीएमओ को सौंपे सबूत, कार्रवाई का आश्वासन

महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीएमओ डॉ. अनिल शाह को कथित लापरवाही और राजनीतिक हस्तक्षेप से जुड़े प्रमाण भी सौंपे। इस दौरान पीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News