राजसमंद: लापता CRPF जवान का शव उनके कैंप में मिला
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया
राजसमन्द 10 फ़रवरी 2026। ज़िले भीम निवासी CRPF जवान शहीद नंदकिशोर प्रजापत का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद की पार्थिव देह उनके निवास स्थान से तिरंगा यात्रा के रूप में रवाना होकर मुक्तिधाम पहुंची, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
बताया गया कि शहीद नंदकिशोर प्रजापत CRPF कैंप नीमच (मध्य प्रदेश) में तैनात थे। लगभग 45 दिन बाद उनका शव कैंप में मिला, जिसके बाद सेना और प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव देह को पैतृक गांव भीम लाया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान CRPF के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद को सलामी दी। शहीद के पुत्र पंकज प्रजापत और राहुल प्रजापत ने मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर हर आंख नम हो गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और कस्बावासी मौजूद रहे। वहीं पूर्व गृह राज्य मंत्री डॉ. लक्ष्मण सिंह रावत, SDM विकास शर्मा, कैप्टन रंजीत सिंह रावत सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी और जवान भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। पूरे भीम क्षेत्र में शोक की लहर है और हर कोई अपने वीर सपूत को नम आंखों से याद कर रहा है।