नाथद्वारा भटेवर हाईवे निर्माण का राजसमंद सांसद ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता व सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

 | 

राजसमंद 23 अप्रैल 2026। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-162E पर नीचली ओडन (नाथद्वारा) से भटेवर तक चल रहे सड़क उन्नयन कार्य के अंतर्गत उस निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जहां पूर्व में गर्डर लॉन्चिंग के दौरान तकनीकी स्थिति उत्पन्न हुई थी।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी ली तथा संपूर्ण कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा मानकों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, पूर्ण सतर्कता और तकनीकी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

इस दौरान सांसद ने परियोजना की प्रगति की भी जानकारी ली और निर्माण कार्य की संभावित पूर्णता तिथि (Expected Completion Timeline) के बारे में पूछा। हाईवे प्राधिकरण एवं निर्माणकर्ता एजेंसी द्वारा उन्हें परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रगति से अवगत कराया गया।

सांसद ने कहा कि यह सड़क आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता तीनों का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में परियोजना को पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

#Rajsamand #Nathdwara #Bhatewar #Udaipur #Rajasthan #RajasthanNews #LocalNews #Infrastructure #HighwayProject #NH162E #Development #RoadConstruction #IndiaInfrastructure #PublicSafety #SmartDevelopment

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News