Rajsamand: पेयजल संरचना के सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास
राजसमंद ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर
News-राजसमंद शहर में अमृत 2.0 योजना से पेयजल संरचना के सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने आज अटल शहरी पुनरुद्धार एवं परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के अंतर्गत राजसमंद शहर की पेयजल संरचना के पुनुरुद्धार कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
उन्होंने बताया कि राजसमंद की वर्ष 2056 तक की संभावित जनसंख्या की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अमृत योजना के अंतर्गत केन्द्र और राज्य सरकार की भागीदारी में 22 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर शहर में पेयजल संकट की समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी।
शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में साधना शिखर पर 62.7 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का नवीन जल शोधन संयंत्र (लागत 147 लाख रुपये), विद्यमान संयंत्र में फ़िल्टर मीडिया का नवीनीकरण (20.93 लाख रुपये), 1500 किलो लीटर क्षमता के भूतल जलाशय का निर्माण (80 लाख रुपये), सनवाड़ में 100 किलो लीटर क्षमता का भूतल जलाशय (7 लाख रुपये), कोयड में 400 किलो लीटर क्षमता का उच्च जलाशय (70 लाख रुपये) एवं अरिहंत नगर में 100 किलो लीटर क्षमता का उच्च जलाशय (60 लाख रुपये) सम्मिलित हैं। इसके अतिरिक्त कुल लगभग 22.5 किलोमीटर लंबाई में पाइपलाइन कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिससे पेयजल वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि अमृत योजना के माध्यम से राजसमंद शहर में दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सशक्त किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को निर्बाध, स्वच्छ एवं पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के नागरिकों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा और राजसमंद के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रामावतार सैनी, अधिशाषी अभियंता लोकेश सैनी, सहायक अभियंता दीपेश चौधरी, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मोहन कुमावत, पूर्व नगर अध्यक्ष सुभाष पालीवाल, उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष दिनेश कुमावत, मंडल महामंत्री रजनीकांत साहू, भगवान सिंह, पूर्व सरपंच दिग्विजय सिंह, पूर्व सभापति सुरेश पालीवाल सहित अनेक पार्षद, कार्यकर्ता, पदाधिकारीगण और नागरिक उपस्थित रहे।
News-इंदिरा कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र का कलक्टर ने किया निरीक्षण
राजसमंद। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा द्वारा परियोजना राजसमन्द अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से पोषण ट्रैकर की स्थिति की जानकारी ली तथा लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कलक्टर हसीजा ने निर्देशित किया कि केन्द्र पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों का पोषण ट्रैकर पर अद्यतन करते हुए नियमित रूप से पोषाहार का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने कार्यक्षेत्र की सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का सर्वे कर विभागीय योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाएं। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में "आहार एवं पोषण पखवाड़ा" का आयोजन 28 जुलाई 2025 तक किया जाना तय हुआ। इसमें आईसीडीएस की छह सेवाओं के माध्यम से जिले की सभी 0-6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा। संबंधित विभागों को पोषण ट्रैकर, पीएमएमवीवाई एवं मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना पोर्टल्स पर लाभार्थियों का पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, पखवाड़े के दौरान सभी अधिकारी प्रतिदिन पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान उप निदेशक दीपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
News-विधायक दीप्ति माहेश्वरी के प्रयासों से मात्र 30 मिनट में स्वीकृत हुई 5 लाख की अनुग्रह राशि, मिली राहत
राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर संवेदनशील नेतृत्व और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल देखने को मिली, जब ग्राम लवाणा, भाणा निवासी निर्माण श्रमिक स्व. डाली कुमावत (पत्नी शंभू लाल कुमावत) की दुर्घटनावश मृत्यु के प्रकरण में विधायक श्रीमती दीप्ति किरण माहेश्वरी के त्वरित हस्तक्षेप से केवल 30 मिनट में ₹5 लाख की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई।
जैसे ही यह दुःखद समाचार विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत क्षेत्रीय कार्यकर्ता श्री अर्जुन कुमावत को मौके पर भेजकर "हिताधिकारी की दुर्घटना में मृत्यु पर सहायता योजना" के अंतर्गत आवश्यक दस्तावेज संकलित कर ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रम विभाग को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
यह आवेदन दिनांक 08 जुलाई 2025 को ऑनलाइन जमा किया गया और प्रशासनिक तत्परता का परिचय देते हुए इसे महज 30 मिनट में स्वीकृत कर ₹5 लाख की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई।
दिनांक 13 जुलाई 2025 को ग्राम वासोल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी द्वारा मृतका के परिजनों को लाभार्थी पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर राजसमंद प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, श्रम कल्याण अधिकारी उमेश राईका सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह उदाहरण न केवल जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि समन्वय और संकल्प के साथ शासन-प्रशासन कितनी शीघ्रता से आमजन को राहत पहुंचा सकता है। "हमारा संकल्प - श्रेष्ठ राजसमंद" की भावना को साकार करती विधायक माहेश्वरी की यह कार्यवाही सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी ने पेयजल से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का किया शिलान्यास
राजसमंद 14 जुलाई। विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी के हाथों निरंतर राजसमंद विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगातें मिल कर आमजन को राहत मिल रही है। ग्राम वासोल (राजसमंद झील चादर स्थल के समीप) में डीएमएफटी मद से स्वीकृत जल परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजसमंद विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी रहीं।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्राम भाणा, लवाणा एवं भगवान्दा कलां में पेयजल संकट को दूर करने के उद्देश्य से दो खुले कुओं (ओपन वेल), एक उच्च जलाशय (ओवरहेड टैंक) एवं पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का भूमि पूजन व शिलान्यास किया।
योजना की अनुमानित लागत 1 करोड़ 20 लाख रुपए है, जिसके अंतर्गत ग्राम लवाणा में एक लाख लीटर क्षमता वाला उच्च जलाशय बनाया जाएगा, साथ ही ओपन वेल से जलाशय को जोड़ने हेतु 3120 मीटर लम्बी पाइपलाइन तथा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के सुधार हेतु अतिरिक्त 882 मीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यह योजना ग्राम भाणा, लवाणा, भगवान्दा कलां एवं वासोल जैसे क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य ग्रामीण जन, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधि, मण्डल पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
News-जल जीवन मिशन से ग्रामीण जीवन में नई आशा का संचार : विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी
राजसमन्द :- जल जीवन मिशन ने ग्रामीण भारत में महिलाओं के जीवन को सार्थक रूप से बदल दिया है। राजसमन्द विधानसभा क्षेत्र के ग्राम वासोल में आयोजित भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि विगत छह वर्षों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत देश के 15.67 करोड़ घरों में नल से जल पहुँचाया गया है, जिससे लगभग 80% ग्रामीण घरों को सीधा लाभ मिला है। राजस्थान में भी इस अवधि में 50 लाख नए घरों में नल जल कनेक्शन दिये गए हैं, जिसने महिलाओं को एक नई स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता का अनुभव कराया है। अब महिलाएँ पानी की व्यवस्था के लिए घंटों खर्च करने की बजाय अपने समय को अन्य रचनात्मक एवं आर्थिक कार्यों में लगा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष से स्वीकृत ग्राम भाणा, लवाणा एवं भगवान्दा कलां में पाइपलाइन, खुले कुएँ एवं उच्च जलाशय निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस योजना की अनुमानित लागत 120 लाख रुपये है। योजना के तहत ग्राम भाणा, लवाणा, भगवान्दा कलां एवं वासोल में दो खुले कुएँ (ओपन वेल) का निर्माण, ग्राम लवाणा में एक लाख लीटर क्षमता वाले उच्च जलाशय का निर्माण, ओपन वेल से टंकी जोड़ने हेतु 3120 मीटर लंबी पाइपलाइन तथा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए 882 मीटर लंबी अतिरिक्त पाइपलाइन का कार्य प्रस्तावित है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि यह परियोजना न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल समस्या को दूर करेगी, बल्कि स्वच्छ एवं सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित कर लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार लाएगी। उन्होंने कहा कि राजसमन्द विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर सक्रिय हैं और आगे भी इसी भाव से कार्य करती रहेंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधि, मण्डल पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साह एवं आशा से भरा रहा, जिसने ग्रामीण विकास के प्रति सभी के विश्वास को और दृढ़ किया।