Rajsamand:आकांक्षा हाट का हुआ शुभारंभ
राजसमंद ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर
News-आकांक्षा हाट का हुआ शुभारंभ, राजीविका एसएचजी के उत्पादों को खरीदने के लिए उमड़े आमजन
राजसमंद। संपूर्णता अभियान का जिला स्तरीय सम्मान समारोह शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भीम विधायक हरिसिंह रावत, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, उप जिला प्रमुख सोहनी देवी गुर्जर, प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, समाजसेवी माधव जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं अधिकारियों में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, एडीएम नरेश बुनकर, सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसीईओ डॉ. सुमन अजमेरा, सीपीओ संजय शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
भीम विधायक हरीसिंह रावत ने कहा कि योजनाओं को सफल बनाने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों दोनों की है, और सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए लक्ष्य प्राप्ति में योगदान देना चाहिए।
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने ‘संपूर्णता अभियान’ एवं ‘आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम’ की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा जिले के भीम ब्लॉक को आशान्वित ब्लॉक के रूप में चयनित किया गया था, जिसके अंतर्गत प्रत्येक पैरामीटर पर अधिकतम कार्य करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास के अंतर्गत शत-प्रतिशत पोषाहार वितरण, राजीविका स्वयं सहायता समूहों को शत-प्रतिशत रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराना एवं कृषि क्षेत्र में शत-प्रतिशत कृषकों को मृदा परीक्षण से लाभान्वित करने जैसे कार्य पूर्ण किए गए हैं। इस प्रकार भीम ब्लॉक तीन प्रमुख मापदंडों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर चुका है। श्री हसीजा ने विश्वास व्यक्त किया कि शेष तीन मापदंडों पर भी शीघ्र ही जिला शत-प्रतिशत प्रगति अर्जित करेगा।
उन्होंने कहा कि राजसमंद जिले में जनप्रतिनिधियों का योजनाओं एवं कार्यक्रमों में सतत सहयोग मिलता है, जो यह दर्शाता है कि जिले के जनप्रतिनिधि राजकीय योजनाओं को लेकर सजग, सक्रिय एवं गंभीर हैं। संचालन नारायण सिंह राव और प्रियंका बारहठ ने किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित :
सीपीओ संजय शर्मा ने बताया कि संपूर्णता अभियान के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारियों व कार्मिकों को सम्मानित किया गया। राजीविका से डॉ. सुमन अजमेरा (जिला परियोजना प्रबंधक), देवकरण गुर्जर (ब्लॉक परियोजना प्रबंधक), भगवती देवी और तारा देवी (क्लस्टर प्रबंधक), सुमन चौहान (डाटा एंट्री सखी), उमा कंवर और लीला चौहान (क्लस्टर कोऑर्डिनेटर) को सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से कृष्ण मुरारी छालिया (विकास अधिकारी, भीम) को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान मिला। लीड बैंक प्रबंधक प्रेम शंकर जीनगर को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
कृषि विभाग से भूपेन्द्र सिंह राठौड़ (संयुक्त निदेशक), कमलेश यादव (सहायक कृषि अधिकारी), इरफान मोहम्मद (वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक), तुलवीर सिंह, सोहन लाल ओला, जसवीर दायमा और बलवीर सिंह (सभी कृषि पर्यवेक्षक) को सम्मान प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग से दीपेन्द्र सिंह शेखावत (उप निदेशक), संजय सिंह पंवार (सीडीपीओ), एवं आँगनवाडी कार्यकर्ता लाभवंती कुमारी, आशा देवी, तारा देवी, पुष्पालता देवी तथा पिंकी मेवाड़ा को सराहनीय सेवाओं हेतु सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आयोजना विभाग से माया मीणा (सहायक सांख्यिकी अधिकारी), अमित कुमार (संगणक) और दीपक शर्मा (एबीपी फेलो) को अभियान में योगदान के लिए सम्मान मिला। समारोह में सभी विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और प्रयासों की सराहना की गई।
आकांक्षा हाट का किया लोकार्पण
संपूर्णता अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर 100 फीट रोड पर "आकांक्षा हाट" का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस हाट में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। आकांक्षा राजसमंद जूट (संजीवनी उत्पादक समूह) द्वारा जूट के उत्पाद प्रस्तुत किए गए, वहीं आकांक्षा राजसमंद होमकेयर (जय सेण्ड माता समूह) द्वारा साबुन, सर्फ, फिनायल जैसे घरेलू उत्पादों की बिक्री की गई। आकांक्षा रोज हेवन फ्लोरल्स (रुपन माता समूह) द्वारा गुलाब आधारित उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
महादेव समूह की ओर से आकांक्षा टेराकोटा खजाना के अंतर्गत टेराकोटा उत्पाद, भोलेनाथ समूह द्वारा राखी, मीनाकारी आर्ट और मसाले, तथा चारभुजा समूह द्वारा नमकीन उत्पाद प्रस्तुत किए गए। वन उपज उत्पादक समूह द्वारा विभिन्न प्रकार के अचार, जबकि सघन क्षेत्र विकास समिति द्वारा हैंडलूम उत्पाद तथा नक्षत्र स्टोन आर्ट के माध्यम से मार्बल आर्टिकल्स प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त कृषि कार्य से संबंधित यंत्रों की भी प्रदर्शनी लगाई गई।
राजसमंद सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार लिमिटेड द्वारा मल्टीग्रेन आटा, जौ-दलिया, रागी, सोयाबीन, चना, ज्वार, बाजरा आदि उत्पादों की स्टॉल भी लगाई गई। आकांक्षा हाट ने ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता, स्वावलंबन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सभी का ध्यान आकर्षित किया।
News-विधायक दीप्ति माहेश्वरी की संवेदनशील पहल से 24 घंटे में स्वीकृत हुई 2 लाख की सहायता राशि
राजसमंद जिले के दूरस्थ गांव भगवांदाकला की निवासी केसर देवी, जो निर्माण श्रमिक थीं, उनका 2 जुलाई 2025 को असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घटना की जानकारी जब राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी को मिली, तो उन्होंने तत्काल मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए पहल की।
विधायक ने क्षेत्रीय कार्यकर्ता अर्जुन कुमावत को निर्देश दिए कि वे मृतका के परिजन से संपर्क कर श्रम विभाग की सामान्य मृत्यु पर अनुग्रह सहायता योजना के तहत लाभ दिलवाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करें। उन्होंने स्वयं श्रम विभाग से भी समन्वय कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करवाई।
दिनांक 17 जुलाई 2025 को ऑनलाइन आवेदन करवाया गया और महज 24 घंटे के भीतर श्रम कल्याण अधिकारी उमेश राईका द्वारा इस प्रकरण में दो लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई जो कि प्रशासनिक तत्परता और जनप्रतिनिधि की सक्रियता का एक अनुकरणीय उदाहरण है।
1 अगस्त 2025 को राजसमंद में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मृतका के पति रूप लाल भील को 2 लाख रुपए की सहायता राशि का लाभार्थी पत्र सौंपा। इस दौरान श्रम कल्याण अधिकारी उमेश राईका एवं कार्यकर्ता अर्जुन कुमावत भी उपस्थित रहे।
राईका ने बताया कि यह कार्यवाही न सिर्फ एक परिवार को संबल देने की मिसाल है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जब जनप्रतिनिधि संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें, तो पीड़ितों को त्वरित राहत मिल सकती है। दीप्ति किरण माहेश्वरी का यह प्रयास जनसेवा के उस स्वरूप को दर्शाता है, जिसमें "हर जरूरतमंद तक शासन की योजनाएं पहुंचे" - यही प्राथमिकता है।
News-विधायक दीप्ति माहेश्वरी की पहल पर करियर मार्गदर्शन एवं कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ
राजसमंद जिले में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया, जब विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी की पहल पर करियर काउंसलिंग एवं स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि करियर काउंसलिंग आज के समय की आवश्यकता है और यह विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। उन्होंने इस दूरदर्शी प्रयास के लिए विधायक श्रीमती माहेश्वरी का आभार जताया।
अपने संबोधन में विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने सभी प्रधानाचार्यों से इस अभियान को गंभीरता से लेने की अपील की और आश्वासन दिया कि वे स्वयं इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। उन्होंने बताया कि यह पहल उनके लिए व्यक्तिगत दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है, जिसे उन्होंने अपनी माताजी की प्रेरणा से लिया है। उन्होंने रिमार्केबल एजुकेशन और विशेष रूप से डॉ. प्राची गौर के प्रयासों की सराहना करते हुए इस अवसर को राजसमंद के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यह कार्यक्रम रिमार्केबल एजुकेशन संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो करियर काउंसलिंग व स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में अग्रणी है। संस्था की सीईओ डॉ. प्राची गौर, जिन्होंने अब तक 4 लाख से अधिक छात्रों को मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने अपनी टीम का परिचय भी कराया जो आगामी 9 महीनों तक राजसमंद जिले में कार्य करेगी और विद्यार्थियों को करियर विकल्पों व आवश्यक कौशल की जानकारी देगी।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट के प्रमुख सहयोगी राकेश गोस्वामी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में जिले के 81 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की भागीदारी रही, जो इस पहल की व्यापक स्वीकृति को दर्शाता है। आयोजन की रूपरेखा और प्रवाह को डॉ. जी. शर्मा ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, एडीपीसी घनश्यामलाल गौड़, प्रधानाचार्यगण आदि उपस्थित रहे।
News-वन मंत्री संजय शर्मा रविवार को लेंगे बैठक, प्रभु श्रीचारभुजानाथजी और श्रीनाथजी के करेंगे दर्शन
राजसमंद। वन मंत्री संजय शर्मा रविवार 3 अगस्त को राजसमंद दौरे पर रहेंगे। वे 2 अगस्त को शाम 5 बजे जयपुर से राजसमंद के लिए प्रस्थान किया जाएगा, जो दूध-नसीराबाद-भीलवाड़ा-गंगापुर मार्ग से होते हुए रात्रि 10 बजे राजसमंद पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस, राजसमंद में होगा।
3 अगस्त को सुबह 11 बजे वन एवं पर्यावरण विभाग की राजसमंद जिले में बजट घोषणाओं, पौधारोपण व अन्य योजनाओं तथा विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक जिला कलक्ट्रेट सभागार, राजसमंद में लेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे राजसमंद से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे चारभुजानाथ जी पहुंचेंगे, जहां मंदिर में दर्शन एवं पूजा अर्चना करेंगे। 2.30 बजे चारभुजानाथ जी से प्रस्थान कर 3.30 बजे नाथद्वारा पहुंचेंगे और श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन तथा पूजा अर्चना करेंगे। सायं 5 बजे नाथद्वारा से प्रस्थान कर 5.30 बजे पुनः राजसमंद पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस, राजसमंद में होगा। 4 अगस्त को प्रातः 9 बजे माननीय मंत्री चित्तौड़गढ़ जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
News राजसमन्द के मार्बल व्यवसाय की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध : विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी
राजसमन्द विधायक जन सुनवाई केन्द्र पर दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मार्बल व्यवसाय से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों से मुलाक़ात कर राज्य सरकार द्वारा मार्बल पर प्रति टन रॉयल्टी दरों में वृद्धि के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
विधायक ने कहा कि राजसमंद के मार्बल व्यवसाय की उन्नति और प्रगति के लिए मैं हर समय तैयार हूँ। मार्बल उद्योग से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए सहयोग प्रदान करने व मजबूती से पक्ष रखने के लिए मैं सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध हूँ।
मार्बल और ग्रेनाइट्स उद्योग की संकटग्रस्त स्थिति को लेकर उद्योगपतियों ने उद्योग के पुनरुद्धार के लिए सरकार से विशेष प्रोत्साहन पैकेज की मांग की उद्योगपतियों ने बताया कि वर्तमान में मार्बल उद्योग मंदी का सामना कर रहा है, जिसके चलते कई औद्योगिक इकाइयां बंद हो चुकी हैं और अन्य इकाइयां भी बंद होने की कगार पर हैं। कई गोदामों में व्यापार ठप है और कई इकाइयां तरलता की समस्या से जूझ रही हैं, जिससे कई श्रमिकों का पलायन हो रहा हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए मार्बल उद्योग के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा करने की मांग की।
इस दौरान मार्बल व्यवसायियों ने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने का आग्रह किया, जिससे व्यवसायी समस्याओं के साथ साथ व्यवहारिक सुझाव व समाधान प्रस्तुत कर सकें, विधायक ने इसके लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करने हेतु आश्वस्त किया।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
