Rajsamand:कुंभलगढ़ में शराब व्यापारियों की दबंगई

राजसमंद ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 | 
News from Rajsamand

News-कुंभलगढ़ में शराब व्यापारियों की दबंगई, नियमों की उड़ रही धज्जियां

राजसमंद 2 जून 2025। ज़िले के कुंभलगढ़ क्षेत्र में शराब व्यापारियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। आरोप है कि यहां शराब की दुकानें निर्धारित समय 8:00 बजे के बाद भी खुलेआम संचालित हो रही हैं, जिससे आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंभलगढ़ में शराब व्यापारी इतने दबंग हो गए हैं कि वे सरकार के नियमों को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। रात 8:00 बजे के बाद भी दुकानों के शटर खुले रहते हैं और खुलेआम शराब बेची जा रही है। यह चोरी-छिपे नहीं, बल्कि खुले तौर पर हो रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि कुंभलगढ़ में सरकार का नहीं, बल्कि शराब व्यापारियों का राज चल रहा है।

इस स्थिति पर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन चैन की नींद सो रहा है और शराब व्यापारियों की इस मनमानी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का सवाल है कि जब सरकार द्वारा शराब बिक्री का समय निर्धारित है, तो इन व्यापारियों को 8:00 बजे के बाद दुकानें खोलने की हिम्मत कैसे हो रही है?

इस खुलेआम उल्लंघन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन समय रहते इस पर लगाम नहीं कसेगा, तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है।

अब देखना यह है कि आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन कब जागता है और इन दबंग शराब व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करता है, ताकि सरकार के नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।