Rajsamand-6 जून 2024 की प्रमुख खबरे


Rajsamand-6 जून 2024 की प्रमुख खबरे 

ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 
News from Rajsamand

News-कलक्टर और एसपी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राजसमंद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ भंवरलाल और जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने फतेहपुरा राज्यावास में शमशान भूमि पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया पौधारोपण के बाद कलेक्टर और एसपी ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। जिला कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना आवश्यक है क्योंकि यह हमारे अस्तित्व के लिए मूलभूत संसाधन प्रदान करता है। स्वच्छ वायु और जल, स्वस्थ जीवन के लिए अनिवार्य हैं, जो पर्यावरण की देखभाल पर निर्भर हैं। जैव विविधता की रक्षा से पारिस्थितिक संतुलन बना रहता है। आज के युग में पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य और बहुत प्रासंगिक हो चला है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी समृद्ध जीवन जी सकें। एसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि आज हम सभी के लिए यह आवश्यक हो गया है कि हम अपने पर्यावरण की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाएं। पौधारोपण एक माध्यम है जिससे हम अपने पर्यावरण को स्वस्थ और हरा-भरा बना सकते हैं। पौधे हमारे लिए स्वच्छ हवा, शीतलता और जैव विविधता प्रदान करते हैं। इसलिए, हर व्यक्ति से अपील है कि वे अपने आस-पास एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें। आइए, मिलकर एक हरित और स्वच्छ भविष्य की नींव रखें।

News-एडीएम, एसडीओ और तहसीलदार ने किया पौधरोपण

राजसमंद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को कलक्टर के निर्देशन में जिला कलेक्ट्रेट और जेके गार्डन में अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेश बुनकर, उपखंड अधिकारी अर्चना बुगालिया और तहसीलदार विजय रैगर ने पौधारोपण किया। साथ ही पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे बांधे। एडीएम, एसडीओ और तहसीलदार ने आम जन से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील की। अतिरिक्त जिला कलेक्टर बुनकर ने कहा कि पेड़ों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है, बिना पेड़ों के जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती, पर्यावरण को बचाने के लिए आवश्यक है कि हर व्यक्ति पौधारोपण करें एवं पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी ले। उपखंड अधिकारी बुगालिया ने भी कहा कि हम सभी को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। तहसीलदार रेगर ने भी आमजन से पौधारोपण की अपील की।

News-पर्यावरण दिवस पर कुआंथल में वृक्षारोपण के साथ विचार गोष्ठी संपन्न

राजसमंद। देवगढ़ पंचायत समिति के कुआंथल ग्राम मे विश्व पर्यावरण दिवस  पर विचार गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम अमृत सरोवर तालाब पर आयोजित हुआ जिसमें ग्रामीणों ने वृक्षारोपण किया। पर्यावरण सुरक्षा पर आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती श्यामू देवी गुर्जर ने की। इस अवसर पर समाजसेवी श्रवण गुर्जर ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आव्हान करते हुए कहा कि पेड़ पौधों की अंधाधुंध कटाई करने के बजाय उनकी सुरक्षा करनी चाहिए। गोष्ठी में  बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं को सरपंच श्मायू गुर्जर ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और उनकी सुरक्षा करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी बालकिशन रेगर,वार्ड पंच गोवर्धन सिंह चुंडावत एवं चंद्रभान सिंह चुंडावत, नगजीराम सालवी ,भवरसिंह चुडावत आदि ग्रामीण मौजूद थे।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal