Rajsamand:जलवायु परिवर्तन पर दीप्ति माहेश्वरी ने ब्राजील में रखा भारत का दृष्टिकोण

Rajsamand ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 | 

News-जलवायु परिवर्तन पर विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने ब्राजील में रखा भारत का दृष्टिकोण

राजसमंद, 8 अगस्त 2025। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में पार्लियामेंट्री ऑब्जर्वेटरी ऑन क्लाइमेट चेंज एवं जस्ट ट्रांजिशन द्वारा आयोजित जलवायु परिवर्तन पर द्वितीय संसदीय शिखर सम्मेलन में भाग लेकर वैश्विक मंच पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन अब कोई दूर का खतरा नहीं, बल्कि वर्तमान की सच्चाई है, जिसके प्रभाव विशेष रूप से ग्लोबल साउथ और गरीब व कमजोर वर्गों पर अधिक पड़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वर्ष 2050 तक जलवायु-जनित कारणों से 20 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हो सकते हैं। कृषि, जल सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और आजीविका पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि भारत, अपनी 17% वैश्विक आबादी के बावजूद, ऐतिहासिक वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में 4% से भी कम योगदान रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पेरिस समझौते को शीघ्र स्वीकार किया और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, पंचामृत रणनीति, 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता, 50% ऊर्जा नवीकरणीय स्रोतों से, कार्बन उत्सर्जन में 1 अरब टन की कमी, और 2070 तक नेट ज़ीरो का संकल्प लिया है।

उन्होंने उजाला योजना, पीएम सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, विद्युत वाहनों को प्रोत्साहन और LiFE – लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का दृष्टिकोण जमीनी जागरूकता से लेकर वैश्विक संकल्प तक विस्तृत है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि सांसदों की जिम्मेदारी दोहरी है – सार्थक कानून बनाना और जिम्मेदारी से नेतृत्व करना। इसके लिए समावेशी नीति निर्माण, ग्रीन फाइनेंस को बढ़ावा, क्लाइमेट बजटिंग, और प्रभावित उद्योग व श्रमिकों के लिए न्यायसंगत संक्रमण (Just Transition) जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जलवायु लचीलापन को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।

अंत में, स्वामी विवेकानंद के विचार उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि “प्रकृति हमारी सबसे बड़ी गुरु है” और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष कोई स्प्रिंट नहीं, बल्कि मैरेथन है, जिसमें सभी को दीर्घकालिक, सामूहिक और सतत प्रयास करने होंगे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal