Rajsamand News: भीम में रातड़ी तालाब के पास खुले में डाला जा रहा कचरा, ग्रामीण परेशान
करेड़ा रोड पर गंदगी और दुर्गंध से जीना हुआ मुश्किल, कचरा जलाने से फैल रहा धुआं; नगर पालिका से समाधान की मांग
Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमन्द के भीम नगर पालिका क्षेत्र के करेडा रोड पर रातड़ी तालाब के पास खुले में कचरा डालने और उसे जलाने की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार, लंबे समय से यहां शहर का कचरा डाला जा रहा है। उचित डंपिंग यार्ड और कचरा निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से बड़ी मात्रा में कचरा खुले में जमा हो रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि कचरे को कई बार खुले में जला दिया जाता है, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैलता है। बदबू और धुएं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, खुले में पड़े कचरे में प्लास्टिक और अन्य हानिकारक सामग्री होने से गायों सहित अन्य पशुओं के उसे खाने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इससे पशु बीमार हो रहे हैं और उनकी मृत्यु तक हो सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग
इस समस्या को लेकर समस्त ग्रामवासियों ने नगर पालिका भीम के अध्यक्ष को शिकायत सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने करेडा रोड और रातड़ी तालाब के पास जमा कचरे को हटवाने, कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने तथा खुले में कचरा डालने और जलाने पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में गंदगी और प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो सकती है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को लेकर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।