Rajsamand:संपर्क पोर्टल में नंबर वन

राजसमंद ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 
 
 | 

News-जिला अव्वल: मंगलवार की रैंकिंग में राजसमंद संपर्क पोर्टल में नंबर वन

राजसमंद। ज़िला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राजसमंद जिला निरंतर सभी योजनाओं और कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु संचालित संपर्क पोर्टल पर भी राजसमंद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को जारी रैंकिंग में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संपर्क पोर्टल राज्य सरकार का अभिनव मंच है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं। यह पोर्टल पारदर्शिता, जवाबदेही और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। जिले में इस पोर्टल को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना अपनाई है।

कलक्टर हसीजा के निर्देशन में प्रतिदिन सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से दर्ज कर, उसी दिन संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर आवश्यक कार्यवाही करें। विभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। इसके साथ ही जिला स्तर पर सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिंग की जाती है। हर सप्ताह कलक्टर सोमवार को हर विभाग की गहराई से समीक्षा कर रहे हैं। 

इस सक्रिय कार्यप्रणाली का सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान होने से न केवल समय और संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ा है। राजस्व, बिजली, जलापूर्ति, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व रिकॉर्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान अब कुछ ही घंटों में उपलब्ध हो रहा है।

जिला प्रशासन ने ‘फॉलो-अप मैकेनिज्म’ भी विकसित किया है, जिसके अंतर्गत शिकायत का समाधान होने के बाद आवेदक से फीडबैक लिया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें वास्तव में राहत मिली है। इस प्रक्रिया ने शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बना दिया है।

राजसमंद जिले की यह उपलब्धि टीम वर्क, त्वरित कार्यवाही और आमजन केंद्रित प्रशासन की प्रतिबद्धता का परिणाम है। संपर्क पोर्टल पर प्रथम स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गर्व का विषय है और यह भविष्य में भी जनसेवा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की प्रेरणा देगा।

News-देवगढ़ नपा उपचुनाव में मतदान दिवस 21 अगस्त को रहेगा अवकाश

राजसमंद। नगर पालिका देवगढ़ के वार्ड संख्या 9 के उपचुनाव हेतु मतदान दिवस को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में स्थित कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

साथ ही, श्रम विभाग के आदेश के तहत संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों (आकस्मिक श्रमिकों सहित) को भी मतदान दिवस का सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर ने बताया कि नगर पालिका देवगढ़ के वार्ड संख्या 09 में नगर पालिका सदस्य के उपचुनाव हेतु मतदान दिवस दिनांक 21 अगस्त 2025 (गुरुवार) को निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में स्थित सभी कार्यालयों तथा औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में अवकाश रहेगा।  

News-कुरज पशु मेले को लेकर बैठक आयोजित 

राजसमंद। राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के बिंदु क्रमांक 133 के अंतर्गत सामेलिया महादेव जिला स्तरीय पशु मेला, कुरज (तहसील रेलमगरा) का आयोजन दिनांक 13 सितम्बर से 17 सितम्बर 2025 तक किया जाएगा।

संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ शक्ति सिंह ने बताया कि इस संबंध में मेले की प्रथम तैयारी बैठक आज दिनांक 19 अगस्त 2025 को उपखण्ड अधिकारी श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में उपखण्ड कार्यालय रेलमगरा में आयोजित की गई। बैठक में जलदाय, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस विभाग सहित तहसीलदार, विकास अधिकारी रेलमगरा एवं संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग राजसमंद शक्ति सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपखण्ड अधिकारी रेलमगरा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेले के सफल आयोजन हेतु निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर मेला अध्यक्ष उपखण्ड अधिकारी रेलमगरा, विकास अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग राजसमंद ने मेले स्थल कुरज का मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal