राजसमंद: महिला की मौत-निजी क्लिनिक पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
राजसमंद 16 मार्च 2026। ज़िले के खमनोर थाना क्षेत्र के सेमा गांव में एक फर्जी निजी क्लिनिक की लापरवाही से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लिनिक में मौजूद तथाकथित डॉक्टर ने बिना ब्लड प्रेशर जांच किए ही महिला को इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की तबीयत रात के समय अचानक बिगड़ गई और उसका ब्लड प्रेशर हाई हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए गांव में संचालित निजी क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने बिना बीपी जांच किए ही सिरिंज के जरिए महिला को इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे तुरंत नाथद्वारा के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और अवैध तरीके से संचालित क्लिनिकों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई फर्जी क्लिनिक लंबे समय से संचालित हो रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी भीम थाना क्षेत्र में एक छोटे बच्चे की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो चुकी है। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
#RajsamandNews #UdaipurNews #RajasthanNews #Khamnor #Nathdwara #SemaVillage #Rajsamand #RajasthanHealth #MedicalNegligence #FakeClinic #RajasthanPolice #UdaipurRegionNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
