RAS तरू सुराणा की डेंगू से मौत

चेन्नई में चल रहा था इलाज

 | 
Surana

उदयपुर 5 अक्टूबर 2024। राजस्थान में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार सुबह उदयपुर की RAS ऑफिसर तरू सुराणा (42) की डेंगू से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तरू सुराणा के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार  6 सितंबर को उन्हें तेज बुखार आना शुरू हुआ था। बुखार के चलते उन्होंने चार दिन तक घर पर ही इलाज लिया, लेकिन 11 सितंबर को जब उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें गीतांजलि अस्पताल में जांच कराई गई। यहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उन्हें डेंगू हो गया है। 

13 सितंबर को उन्हें गीतांजलि अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। जानकारी के अनुसार डेंगू के बावजूद तरू की प्लेटलेट्स में कोई गिरावट नहीं आई थी, लेकिन बुखार लगातार बना रहा। इलाज में सुधार न होने पर, 18 सितंबर को चेन्नई के एमजीएम अस्पताल की टीम उदयपुर पहुंची और उसी दिन उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई भेजा गया। 

चेन्नई में इलाज के दौरान भी उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ और शनिवार को उनकी मौत हो गई। 

तरू सुराणा उदयपुर के पंचवटी इलाके की रहने वाली थीं। वे तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनकी छोटी बहन पूजा गुजरात में जज हैं और तीसरे नंबर पर उनका भाई शुभव है। तरू सुराणा फिलहाल पंजीयन और मुद्रांक विभाग में महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थीं। उनकी मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर फैल गई है।

प्रदेश में बढ़ते डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार सावधानियों और उपायों की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे मच्छरों के प्रजनन स्थल को समाप्त करें और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें, ताकि इस बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News