राजसमंद-24 दिसंबर 2024 की प्रमुख खबरे

ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 | 
News from Rajsamand

News-मिशन कुटुंब कवचः 27 दिसंबर को हर पंचायत और नगरीय क्षेत्र में लगेंगे शिविर

राजसमंद 24 दिसंबर। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में प्रशासन द्वारा भारत सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में हर वंचित नागरिक के पंजीकरण हेतु आरंभ ‘मिशन कुटुंब कवच‘ को लेकर जिलेभर में तैयारियां तेज हो गई है। कलक्टर असावा द्वारा बैंकों, राजीविका, खान विभाग, उद्योग विभाग, रीको सहित विभिन्न विभागों को अधिकाधिक लोगों को इस योजना में जोड़ने हेतु लक्ष्य सौंप कर निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद एसीईओ डॉ. सुमन अजमेरा को अभियान का नोडल बनाया गया है।

अभियान के तहत 27 दिसंबर 2024 शुक्रवार को सुबह 11 बजे से जिले के समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन होगा एवं शिविरों में योजना से वंचित लोगों का पंजीयन किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों, रीको, व्यापारिक संगठनों द्वारा भी विशेष शिविरों का आयोजन होगा। कलक्टर ने आमजन ने शिविरों में आकर भारत सरकार की इस किफायती बीमा योजना में पंजीयन करवा कर अपने परिवार को सुरक्षा कवच देने की अपील की है।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र 436 रु. वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रु. का जीवन बीमा कवर ( सामान्य मृत्यु एवं दुर्घटना से मृत्यु पर ) उपलब्ध है। 18 से 50 वर्ष की आयु वर्ग के सभी बचत खाताधारकों के लिए योजना लागू है। फिर भी प्रशासन कुछ समूहों को विशेष तौर पर जोड़ने हेतु प्रयास करेगा।

योजना में वृहद रूप से असंगठित क्षेत्र के समस्त कामगारों यथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों यथा- गैंगसा, कटर, अन्य कारखानों में कार्यरत श्रमिक, विभिन्न माइनिंग क्षेत्र मे कार्यरत श्रमिकों एवं कार्मिकों, खुदरा दुकानों, डिपो, होटल्स, रेस्टॉरेंट्स, टॉल प्लाजा, बडे निर्माण कार्यों यथा-सार्वजनिक निर्माण विभाग, अन्य निर्माण कार्यां के संवेदकों द्वारा नियोजित श्रमिकों, मनरेगा अंतर्गत ग्राम पंचायतों में नियोजित श्रमिकों, जॉब कार्ड धारित श्रमिकों, नगरपरिषद, नगरपालिका क्षेत्र में कार्यरत थड़ी, ठैले, अस्थाई केबिन संचालन करने वाले व्यक्तियों, प्रधानमंत्री स्वनिधि से लाभान्वित व्यक्तियों, प्रधानमंत्री किसान समान निधि योजना से लाभान्वित व्यक्तियों, समस्त काश्तकार, डेयरी संगठनों, सहकारी समितियों, संघों से जुडे़ काश्तकारों, चिकित्सालयों, आंगनवाड़ियों, विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कार्मिकों, राजीविका स्वयं सहायता समूह की बहिनों सहित अन्य समस्त वर्गों को इस योजना से जोड़ने हेतु कलक्टर ने निर्देश दिए गए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News