बड़गांव में अवैध नल कनेक्शन हटाए

जलापूर्ति सुचारू

 | 
Badgaon water supply inspection

उदयपुर 8 जून 2024। शहर से सटे बड़गांव क्षेत्र में जलापूर्ति को लेकर कथित शिकायतों पर विभागीय अभियंताओं ने निरीक्षण किया। इसमें अवैध कनेक्शन पाए जाने पर उन्हें तत्काल बंद कराया। क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू होना सामने पाया गया।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहनलाल मीणा ने बताया कि बड़गांव में शहरी जल योजना उदयपुर से 48 घंटे के अंतराल में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। श्रीनाथ कॉलोनी क्षेत्र में विद्युत व्यवधान एवं पाइप लाइन लीकेज के कारण दो जलापूर्तियों में समस्या आई थी। शिकायत मिलते ही उसका समाधान कराकर शनिवार से जलापूर्ति सुचारू कर दी गई है। 

जलापूर्ति के दौरान कनिष्ठ अभियंता सागर शिवम शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ अवैध कनेक्शन पाए गए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। साथ ही कई जगह पर नलों से पानी व्यर्थ बहता भी पाया गया, जिन्हें बंद करा कर लोगों की समझाइश की गई। 

जल जीवन मिशन के तहत बड़गांव के अन्य आबादी क्षेत्र के लिए बांडी नाल में पाइप लाइन इत्यादि का कार्य कर जलापूर्ति की जा रही है। जल जीवन मिशन की गाइड लाइन के अनुसार जल वितरण प्रणाली के संचालन एवं संधारण का कार्य ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News