नाथद्वारा के सुखाड़िया नगर एवं श्रीनाथ कालोनी समस्या के समाधान हेतु CM से आग्रह

 | 
News from Rajsamand

 

Udaipur Times. Nathdwara News: राजसमंद जिले के नाथद्वारा शहर के सुखाड़िया नगर एवं श्रीनाथ कॉलोनी से जुड़े वर्षों पुराने वन क्षेत्र संबंधी प्रकरण के समाधान को लेकर नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ द्वारा प्रशासन के साथ निरंतर संवाद एवं पत्राचार के माध्यम से इस विषय को समाधान की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने इस प्रकरण को विधानसभा में भी उठाया है और अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीधे हस्तक्षेप कर क्षेत्रवासियों की समस्या के निर्णायक समाधान का आग्रह किया है।

विधायक मेवाड़ ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि सुखाड़िया नगर की समस्या दशकों से चली आ रही है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक प्रभावित हैं। इस संबंध में राजस्व मंडल, अजमेर के आदेश एवं उप वन संरक्षक, वन्यजीव, राजसमंद की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है। राजस्व मंडल के आदेश में प्रकरण को नियमानुसार निस्तारण के लिए राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का निर्देश दिया गया है।

विधायक मेवाड़ ने बताया कि श्रीनाथ कॉलोनी की स्थिति भी इससे मिलती-जुलती है, इसलिए उन्होंने दोनों क्षेत्रों से जुड़ी समस्या को लगातार प्रशासन के समक्ष रखा है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए इस मामले के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

विधायक ने यह विषय विधानसभा में भी उठाया, साथ ही प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए स्मरण कराया। विधायक मेवाड़ ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित आदेश एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप इसका व्यावहारिक और निर्णायक समाधान होना चाहिए।

अब विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस प्रकरण में निर्णायक हस्तक्षेप करते हुए संबंधित प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करें, ताकि सैकड़ों नागरिकों को उनका वैधानिक हक एवं कानूनी तौर पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

विधायक मेवाड़ ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि के रूप में वे प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए इस विषय को समाधान तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News