रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने दीपावली मेले में डिजिटल लेन-देन, साइबर फ्रॉड, सुरक्षित बैंकिंग की दी जानकारी

 | 
Safe Banking

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर नगर निगम परिसर में चल रहे मेले के दौरान गुरुवार को “एक मेला, वित्तीय साक्षरता के नाम” अभियान के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश और जिले के शीर्ष बैंकिंग व वित्तीय संस्थानों के उच्चाधिकारियों ने शिरकत कर मेले में आने वाले आमजन को सुरक्षित बैंकिंग और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

लीड बैंक मैनेजर संजय गुप्ता ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक से वरिष्ठ अधिकारी नीलम केलकर, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक नीरज यादव, सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक हेमराज सोनवाल, वित्तीय साक्षरता काउंसलर नरेंद्र भनावत, क्रिसिल से लक्ष्मण मेघवंशी एवं आरसेटी निदेशक कौशलेन्द्र सिंह सहित बैंकिंग जगत के कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सरकारी योजनाओं व साइबर सुरक्षा पर दी विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दौरान स्टॉल पर आने वाले सैकड़ों मेलार्थियों को बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय समावेशन के कार्यक्रमों की बिंदुवार जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा उपभोक्ताओं को बैंक खातों में नो योर कस्टमर (केवाईसी) की आवश्यकता और उसकी सरल प्रक्रिया के बारे में समझाया गया। आज के दौर में डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग तथा हर दिन बढ़ते साइबर अपराध व ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के गुर सिखाए गए।

आरबीआई अधिकारी ने दिया सुरक्षा का मंत्र

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भारतीय रिजर्व बैंक अधिकारी नीलम केलकर ने मेलार्थियों को बताया कि वर्तमान युग में बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाते समय सजग रहना काफी आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया। केलकर ने अपील की कि यदि कोई भी नागरिक किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते वित्तीय नुकसान को रोका जा सके।

सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य

अग्रणी जिला प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य मेले के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच आमजन तक वित्तीय साक्षरता का व्यावहारिक संदेश पहुँचाना था। बैंकिंग विभाग का प्रयास है कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी बैंकिंग योजनाओं की पहुंच आसान हो और लोग सुरक्षित व जिम्मेदार बैंकिंग व्यवहार को अपनी आदत बनाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News