उदयपुर के अशोक नगर में देर रात बिजली गुल, लोगों ने किया हंगामा
भीषण गर्मी में घंटों बिजली बंद रहने से नाराज लोग रात को पावर हाउस पहुंचे, पुलिस ने संभाला मामला।
उदयपुर 15 मई 2026 - अशोक नगर सब डिवीजन क्षेत्र में देर रात बिजली गुल होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच घंटों तक बिजली बंद रहने से परेशान लोग रात करीब 12 बजे पावर हाउस पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शटडाउन रहा।
इसके बाद भी शाम तक लो वोल्टेज और बिजली की आवाजाही की समस्या बनी रही। रात करीब 10 बजे अचानक फिर बिजली गुल हो गई, जो देर रात तक बहाल नहीं हो सकी। इससे लोग गर्मी से बेहाल हो गए। लोगों का आरोप था कि बिजली बंद होने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। यदि फोन उठाते भी हैं तो संतोषजनक जवाब नहीं देते।
लगातार बिजली कटौती और खराब व्यवस्था से नाराज लोग अशोक नगर स्थित सब डिवीजन कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर भूपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश कर मामला शांत करवाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अलावा कोई अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई। करीब देर रात 12:40 बजे बिजली बहाल होने के बाद लोग अपने घरों की ओर लौटे। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से व्यवस्था सुधारने और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
#Udaipur #AshokNagar #PowerCut #ElectricityIssue #UdaipurNews #RajasthanNews #PowerOutage #Bhopalpura #ElectricityDepartment #HeatWave
