उदयपुर के बलीचा डंपिंग यार्ड के धुएं से परेशान कॉलोनीवासी, मेन गेट बंद कर किया प्रदर्शन
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर के बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड से उठने वाले धुएं से परेशान कॉलोनीवासियों का रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने डंपिंग यार्ड का मुख्य गेट बंद कर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और कचरे से भरे वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया। इसके चलते कचरा लेकर पहुंचे करीब 20 से 25 वाहन गेट के बाहर ही खड़े रहे।
विरोध की सूचना पर नगर निगम की ओर से होमगार्ड के जवान और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद उपमहापौर दिनेश भट्ट मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने एक बार के लिए गेट खोल दिया। साथ ही सोमवार को वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की बात रखी गई।
350 से अधिक परिवार धुएं से परेशान
क्षेत्रवासी आनंद यादव, जितेंद्र सालवी और गोपाल कलाल ने बताया कि डंपिंग यार्ड से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित पंडित दीनदयाल नगर में 350 से अधिक परिवार निवास करते हैं। डंपिंग यार्ड में कचरा जलने से उठने वाला धुआं कॉलोनी तक पहुंचता है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार नगर निगम आयुक्त और जिला कलेक्टर को अवगत करा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द ठोस कदम उठाकर धुएं की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।