राजस्थान में अंधड़-तूफान से 1190 बिजली पोल गिरे, 387 गांव अंधेरे में; 366 में बहाल हुई सप्लाई
Udaipur Times, Rajasthan News: 1 जून 2026। प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में शनिवार को आए अंधड़, तूफान एवं वर्षा के कारण जयपुर विद्युत वितरण निगम के कई सर्किल में विद्युत तंत्र को व्यापक क्षति पहुंची। विशेषकर जयपुर एवं कोटा जोन में बड़ी संख्या में बिजली पोल, ट्रांसफार्मर एवं फीडर प्रभावित हुए। निगम के तीनों जोन क्षेत्र में कुल 132 वितरण ट्रांसफार्मर तथा 1190 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हुए। इनसे 387 गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। जिनमें से 366 गांवों में आपूर्ति बहाल की जा चुकी है। शेष 21 गांवों में भी सप्लाई सुचारू करने के लिए टीमें जुटी हैं। Rajasthan Storm Damage
रात-दिन जुटी टीमें
डिस्कॉम्स चेयरमैन एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक सुश्री आरती डोगरा के निर्देश पर सभी सर्किलों में टीमें बहाली कार्य में जुटीं और एक ही दिन में रविवार रात तक 366 गांवों में आपूर्ति सुचारू कर दी गई। सभी सर्किलों को आवश्यक लाइन मैटेरियल, ट्रांसफार्मर एवं खंभे पहले से ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अधीक्षण अभियंताओं ने प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के लिए मॉनीटरिंग की। प्रभावित क्षेत्रों में अभियंता, तकनीकी कर्मचारी तथा एफआरटी टीमें रविवार को दिनभर और देर शाम क्षतिग्रस्त पोल बदलने, क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त करने, फॉल्ट हटाने तथा ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में जुटी रहीं। Rajasthan Storm Damage
इन सर्किलों में बहाल की सप्लाई
टोंक के प्रभावित 240 गांवों में से 222 गांवों, जयपुर जिला सर्किल दक्षिण के प्रभावित सभी 59 गांवों, जयपुर जिला सर्किल उत्तर के 50 में से 47 गांवों, करौली सर्किल के प्रभावित सभी 20 गांवोें, बूंदी के सभी प्रभावित 13 गांवों, अलवर के सभी प्रभावित 4 गांवों तथा बारां के प्रभावित एक गांव में आपूर्ति को यथावत सुचारू कर दिया गया है। Rajasthan Storm Damage
नुकसान एक नजर में-
- क्षतिग्रस्त वितरण ट्रांसफार्मर: 132
- प्रभावित 33 केवी फीडर: 25
- प्रभावित 11 केवी फीडर: 265
- क्षतिग्रस्त बिजली पोल: 1190
- प्रभावित गांव: 387
- बहाल गांव: 366
