RIICO ने नगर निगम को सौंपे तीन नए फायर ब्रिगेड वाहन, महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर की अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के उद्देश्य से RIICO (राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम) की ओर से नगर निगम उदयपुर को तीन फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं। शुक्रवार को नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने इन तीनों फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित हुए इस कार्यक्रम के दौरान महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर एवं औद्योगिक क्षेत्रों में आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान समय पर राहत एवं बचाव कार्य करना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
RIICO की ओर से नगर निगम को उपलब्ध करवाए गए ये तीनों फायर ब्रिगेड वाहन अग्निशमन सेवाओं को मजबूती प्रदान करेंगे। विशेष रूप से रीको औद्योगिक क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं के दौरान इन वाहनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने तथा जन-धन की हानि को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की अग्निशमन शाखा शहर में किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए निरंतर तत्पर रहती है। आधुनिक संसाधनों एवं अतिरिक्त वाहनों की उपलब्धता से अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और औद्योगिक इकाइयों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन एवं समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ ने भी रीको की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से फायर ब्रिगेड वाहनों की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। इन वाहनों से आगजनी की घटनाओं के दौरान त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों एवं औद्योगिक संस्थाओं के आपसी समन्वय से जनसुरक्षा के कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
अंबेरी एवं सीसारमा में खुलेंगे नए सेंटर
नगर निगम क्षेत्र के लगातार विस्तार और शहर के बाहरी इलाकों में बढ़ती आबादी को देखते हुए महापौर पारस सिंघवी ने अग्निशमन व्यवस्था के विस्तार की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी को निर्देशित किया कि शहर में नए अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए, ताकि आगजनी अथवा अन्य आपातकालीन दुर्घटनाओं की स्थिति में अग्निशमन वाहन कम से कम समय में शहर के किसी भी क्षेत्र तक पहुंच सकें और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
महापौर ने विशेष रूप से अंबेरी एवं सीसारमा क्षेत्र में नए अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता जताते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को इस संबंध में जल्द से जल्द अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का कार्यक्षेत्र बढ़ने के साथ अग्निशमन सेवाओं का विस्तार भी आवश्यक है। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नए केंद्र स्थापित होने से न केवल प्रतिक्रिया समय कम होगा, बल्कि आगजनी की घटनाओं के दौरान जन-धन की हानि रोकने में भी प्रभावी सहायता मिलेगी।
1.23 करोड़ रुपये की लागत से क्रय किए गए तीन फायर ब्रिगेड वाहन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि रीको की ओर से नगर निगम को उपलब्ध करवाए गए तीनों फायर ब्रिगेड वाहनों की कुल कीमत लगभग 1.23 करोड़ रुपये है। ये वाहन अत्याधुनिक अग्निशमन सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इन वाहनों के निगम के अग्निशमन बेड़े में शामिल होने से आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने और राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल, रीको के अजय पंड्या, समाजसेवी देवीलाल सालवी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा सहित नगर निगम के अधिकांश पार्षदगण, अग्निशमन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।