औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए RIICO करवाएगा ड्रोन सर्वे

 | 
RIICO Ind Area

 

Udaipur Times, RIICO, Rajasthan News: राजस्थान मे RIICO इंडस्ट्रियल एरिया के बेहतर प्रबंधन तथा उद्यमियों की सुविधा के लिये चयनित RIICO औद्योगिक क्षेत्रों में ड्रोन आधारित भू-स्थानिक सर्वेक्षण होगा।

इसके तहत प्रारंभिक चरण में लगभग 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का ड्रोन आधारित सर्वेक्षण कर आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से औद्योगिक भूखण्डों, भवनों, सड़कों, भूमि उपयोग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी। 

इसका उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों को डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराना है, जिससे भूखण्डों की स्थिति का आंकलन तथा भूमि उपयोग से संबंधित गतिविधियों का विश्लेषण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।

सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर 2-D डिजिटल मानचित्र एवं 3-D मॉडल विकसित किए जाएंगे। साथ ही, जियो-टैग किए गए आंकड़ों को जीआईएस प्रणाली के अनुकूल तैयार किया जाएगा, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की योजना एवं विकास में सहायता मिलेगी।

प्रत्येक भूखण्ड के लिए अलग-अलग डिजिटल एविडेंस शीट तैयार की जायेगी। इनमें भूखण्ड की पहचान संख्या, सीमा, निर्माण की स्थिति, भूमि उपयोग का विवरण तथा रीको के लागू नियमों के अनुसार विवरण उपलब्ध कराया जाएगा।

ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित जानकारी भी संकलित की जाएगी। इसमें विद्युत अवसंरचना, सड़कें, पेड़-पौधे तथा अन्य स्थल विशेषताओं की पहचान और उनकी संख्या, लंबाई एवं अन्य प्रासंगिक विवरणों का आंकलन शामिल होगा।

रीको की यह पहल औद्योगिक क्षेत्रों के प्रबंधन में आधुनिक भू-स्थानिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने तथा नियोजन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए तथ्य-आधारित डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News